Delhi Concert को पुलिस से मिली हरी झंडी, Diljit Dosanjh बोले- 30 अक्टूबर को मिलते हैं

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के 30 अक्टूबर को होने वाले दिल्ली कॉन्सर्ट को पुलिस ने मंजूरी दे दी है। सुरक्षा चिंताओं के कारण पहले अनुमति रोके जाने के बाद आयोजक बुकमायशो के साथ बैठक में यह फैसला लिया गया। गायक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रशंसकों से कहा कि बिना तथ्य जाने निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए।

पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने 30 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले ‘कॉन्सर्ट’ को दिल्ली पुलिस की मंजूरी मिलने के बाद कहा कि किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले तथ्यों की पड़ताल करना जरूरी है। दिल्ली पुलिस ने त्योहारी सीजन के दौरान विशेष खतरे से जुड़ी सूचनाओं, सुरक्षा संबंधी चिंताओं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले कॉन्सर्ट की अनुमति देने से बृहस्पतिवार को इनकार कर दिया था। शुक्रवार को आयोजक बुकमायशो के साथ बैठक के बाद पुलिस ने अपने फैसले पर दोबारा विचार किया और कॉन्सर्ट को मंजूरी दे दी।

दिलजीत फिलहाल अमेरिका में हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कॉन्सर्ट को लेकर हो रही चर्चाओं पर बात की। इस कॉन्सर्ट से देशभर में उनके ‘ऑरा वर्ल्ड टूर’ की शुरुआत होगी।

उन्होंने वीडियो में कहा, “अब 30 अक्टूबर को दिल्ली में मिलते हैं।” दोसांझ ने कहा, “किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले तथ्यों की पड़ताल करें। पूरी कहानी जाने बिना आप बहुत शोर मचा रहे हैं। पहले तथ्यों को ठीक से समझ लेना बेहतर है।

वे एक के बाद एक बहस करते रहते हैं और लगातार ट्वीट करते रहते हैं।” बुकमायशो लाइव ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि त्योहारी सीजन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने आयोजकों से सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने को कहा था। दिल्ली में कार्यक्रम के बाद वह इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु, लखनऊ और चंडीगढ़ में कॉन्सर्ट करेंगे। दोसांझ (42) ने इससे पहले 2024 में अपने ‘दिल-लुमिनाटी टूर’ के तहत भारत में कार्यक्रम किए थे।

उन्होंने नयी दिल्ली, हैदराबाद, अहमदाबाद, लखनऊ, पुणे, कोलकाता, बेंगलुरु, इंदौर, चंडीगढ़ और गुवाहाटी समेत कई बड़े शहरों में प्रस्तुति दी थी। इस टूर का समापन लुधियाना में हुआ था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़