विपक्षी दलों के पैदल मार्च पर बोले संबित पात्रा, संसद सत्र के दौरान एक दिन भी नहीं होने दी कोरोना पर चर्चा

Sambit Patra

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि संसद में चर्चा नहीं करना अराजकता की पराकाष्ठा होती है। इसी पराकाष्ठा को कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व ने प्रदर्शित किया है।

नयी दिल्ली। संसद का मानसून सत्र समाप्त हो चुका है। इसके बाद भी विपक्ष ने केंद्र की मोदी सरकार को घेरने के लिए संसद से लेकर विजय चौक तक पैदल मार्च किया। इस दौरान राहुल गांधी समेत तमाम विपक्षी नेताओं ने सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि राज्यसभा में पहली बार सांसदों की पिटाई की गई, बाहर से लोगों को बुलाकर और नीली वर्दी में डालकर सांसदों से मारपीट की गई। 

इसे भी पढ़ें: सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों का पैदल मार्च, राहुल बोले- पहली बार राज्यसभा में सांसदों की हुई पिटाई 

इसी बीच भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल सड़क पर कैसे विरोध कर रहे हैं। लोकतंत्र को शर्मसार किया गया है। मैं कहूंगा कि सिर्फ उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ही नहीं रोए बल्कि लोकतंत्र भी रोया।

उन्होंने कहा कि संसद में चर्चा नहीं करना अराजकता की पराकाष्ठा होती है। इसी पराकाष्ठा को कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व ने प्रदर्शित किया है। बहुत दुख का विषय है कि कोरोना को लेकर पूरे देश में चिंता का माहौल है। क्या तीसरी लहर आएगी ? इस सभी विषयों पर देश जानना चाहता है। यह वहीं विपक्षी लोग थे जिन लोगों ने संसद का विशेष सत्र बुलाने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि संसद सत्र के दौरान एक दिन कोरोना पर चर्चा नहीं होने दी। क्या देश ऐसे लोगों को माफ करेगा ? कदाचित नहीं।

भाजपा नेता ने कहा कि देश ऐसे लोगों को माफ नहीं करेगा। ये लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश कर रहे हैं। यही नतीजा है कि आज देश की जनता राहुल गांधी और उनकी पार्टी को सड़क पर ले आई है। आज वो कहीं जीत नहीं पा रहे हैं। आज वो कहीं लोकतांत्रिक तरीके से आगे नहीं बढ़ पा रही है। 

इसे भी पढ़ें: लालू यादव ने की जाति आधारित जनगणना की मांग, कहा- आंकड़ों से बहुसंख्यक का भला होता नहीं, हम क्या अचार डालेंगे 

वहीं केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और कुछ और विपक्ष के लोग तो शुरू से ही कह रहे थे कि हम संसद के सत्र को वाशआउट करने के लिए वाशिंग मशीन लेकर आए हैं। आप सिर्फ संसद को ही बदनाम नहीं कर रहे हैं बल्कि पूरे देश को बदनाम करने की षड़यंत्र और साजिशें कर रहे हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़