कोरोना के बीच एहतियात बरतते मनाई गई ईद, नमाज पढ़ने के बाद लोगों ने गले लगने से किया परहेज

Eid

महामारी के संकट के बीच लोग मास्क लगाकर मस्जिद गए और सामाजिक दूरी का पालन किया। नमाज पढ़ने के बाद लोगों ने एक दूसरे से हाथ मिलाने और गले लगने से परहेज किया।

नयी दिल्ली। दिल्ली में कोरोना वायरस महामारी के बीच एहतियात बरतते हुए शनिवार को ईद-उल-अजहा का पर्व मनाया गया। इस मौके पर लोगों ने मस्जिदों में नमाज पढ़ी और पशुओं की कुर्बानी दी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली वासियों को ईद की बधाई दी। केजरीवाल ने ट्वीट किया, “ईद-उल-अजहा की आप सभी को दिली मुबारकबाद।” महामारी के संकट के बीच लोग मास्क लगाकर मस्जिद गए और सामाजिक दूरी का पालन किया। नमाज पढ़ने के बाद लोगों ने एक दूसरे से हाथ मिलाने और गले लगने से परहेज किया। फजर की नमाज पढ़ने के लिए पुरानी दिल्ली में जामा मस्जिद और फतेहपुरी मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। 

इसे भी पढ़ें: PM मोदी के ट्वीट में दिखी सबका साथ, सबका विश्वास की झलक, कुछ इस अंदाज में दी ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं 

फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मुफ्ती मुकर्रम ने कहा, “मस्जिद में नमाज के दौरान लोगों ने मास्क लगाया था और सामाजिक दूरी का पालन किया। मस्जिद भर गई थी लेकिन पिछले सालों के मुकाबले लोगों की संख्या कम थी क्योंकि सड़क पर नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं है।” उन्होंने कहा, “ईद-उल-अजहा का मतलब है कुर्बानी की ईद। हमने महामारी से राहत, शांति और देश के विकास के लिए दुआ मांगी और कोविड-19 के एहतियात के साथ मस्जिदों में नमाज पढ़ने की इजाजत देने के लिए अधिकारियों का शुक्रिया अदा किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़