कोटा में Delhi-Mumbai Expressway पर नाले में पलटी मिनी बस, 8 श्रद्धालुओं की मौत

राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार सुबह एक मिनी बस के 15 फुट गहरे नाले में गिरने से मध्य प्रदेश के आठ तीर्थयात्रियों की जान चली गई। हादसे में 15 अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार चालक को झपकी आने की आशंका के कारण यह दुर्घटना हुई।
राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह करीब छह बजे 23 यात्रियों को लेकर जा रही एक मिनी बस के 15 फुट गहरे नाले में गिरने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घायलों में से आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, ऐसी आशंका है कि चालक को झपकी आ गई थी जिसके कारण वाहन आठ लेन वाली सड़क से नाले में गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही आपात कर्मियों ने बचाव अभियान शुरू कर दिया लेकिन नाले में जमा कीचड़ और पानी के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। पुलिस के मुताबिक, क्षतिग्रस्त मिनी बस को बाहर निकालने और उसमें फंसे यात्रियों को बचाने के लिए क्रेन की मदद ली गई।
कोटा (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि ज्यादातर यात्री मध्यप्रदेश के भोपाल और बैतूल जिलों के थे। उन्होंने बताया कि वे राजस्थान में चार से पांच दिन की तीर्थयात्रा पर आए थे। अधिकारी ने बताया कि यात्रा शुक्रवार शाम भोपाल से शुरू हुई थी।
बैतूल के पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वाहन में सवार लोग बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के घाटबिरोली गांव के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है और घायलों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मुलताई थाना प्रभारी विकास पटेल ने बताया कि उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हादसे की जानकारी दी है और परिजन जल्द ही शव लेने के लिए रवाना होंगे।
हादसे में घायल यात्री अंशिका ने बताया कि वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ यात्रा कर रही थी, जिनमें उसके चाचा, चाची और अन्य रिश्तेदार शामिल थे। उसने बताया कि वे शुक्रवार शाम सात बजे भोपाल से रवाना हुए थे और खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे कि तभी यह हादसा हो गया। अंशिका के अनुसार, वाहन में करीब 23 यात्री सवार थे और हादसे के समय उनमें से ज्यादातर सो रहे थे।
उसने आशंका जताई कि चालक को झपकी आ गई होगी। घायलों को न्यू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनएमसीएच) और एमबीएस अस्पताल ले जाया गया। एनएमसीएच के प्राचार्य डॉ. निलेश जैन ने बताया कि घायलों का उपचार और सीटी स्कैन जैसी आवश्यक जांच तत्काल शुरू कर दी गईं।
एनएमसीएच के ‘सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक’ अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा ने बताया कि अस्पताल में कुल 15 मरीज लाए गए, जिनमें से सात को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि घायल आठ अन्य मरीजों को तत्काल प्राथमिक उपचार देकर उनकी हालत स्थिर करने के प्रयास किए गए और उन्हें व्यापक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है और बाकी यात्रियों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अधिकारी घटनास्थल को साफ कराने और यात्रियों से संबंधित विवरणों की पुष्टि करने में जुटे हैं।
अन्य न्यूज़













