कांग्रेस के आरोपों से खुद को पाक-साफ साबित करे फडणवीस: शिवसेना

Fadnavis to prove himself purely by Congress allegations: Shiv Sena
[email protected] । Jul 5 2018 9:17AM

भाजपा से असंतुष्ट रहने वाली उसकी सहयोगी शिवसेना ने अपनी उक्त मांग को मई में आई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की उस रिपोर्ट से भी जोड़ा जिसमें पूर्व राजस्व मंत्री एकनाथ ख्रड़से को क्लीन चिट दी गयी है।

मुंबई। शिवसेना ने आज मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से कांग्रेस के इन आरोपों पर खुद को पाक - साफ साबित करने को कहा कि उनके करीबी भाजपा के विधान परिषद सदस्य के कारोबारी साझेदार को नवी मुंबई में 1767 करोड़ रुपये की सरकारी जमीन कौड़ी के मोल अवैध तरीके से हस्तांतरित करने में’’ उनका आशीर्वाद था’’। वहीं भाजपा के विधान परिषद सदस्य प्रसाद लाड ने आज कहा कि उन्होंने भूमि घोटाले में उनका नाम घसीटे जाने पर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला , महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण और मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरूपम से माफी मांगने को कहा है। 

भाजपा से असंतुष्ट रहने वाली उसकी सहयोगी शिवसेना ने अपनी उक्त मांग को मई में आई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की उस रिपोर्ट से भी जोड़ा जिसमें पूर्व राजस्व मंत्री एकनाथ ख्रड़से को क्लीन चिट दी गयी है। खड़से को पुणे में अपनी पत्नी और दामाद के पक्ष में भूमि सौदा कराने के आरोप में जून 2016 में पद छोड़ना पड़ा था। इन दोनों घटनाक्रमों पर शिवसेना ने आज कहा कि फडणवीस ने एक भूमि सौदे में खड़से के शामिल होने के आरोपों में उन्हें घर बैठाकर रखा क्योंकि मुख्यमंत्री पारदर्शी शासन में भरोसा रखते हैं। 

‘सामना’ में अपने संपादकीय में पार्टी ने लिखा, ‘‘अब या तो खड़से को मंत्रिपरिषद में शामिल किया जाना चाहिए या मुख्यमंत्री को जनता के सामने (नवी मुंबई भूमि सौदे के मामले में) खुद को पाक - साफ साबित करना चाहिए।’’ कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया था कि नवी मुंबई में 1767 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन एक निजी बिल्डर को महज 3.60 करोड़ रुपये में दे दी गयी और इस पूरे लेनदेन में ‘‘फडणवीस का आशीर्वाद’’ था। 

कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण और संजय निरूपम ने आरोप लगाया था कि फडणवीस नीत शहरी विकास विभाग ने निजी बिल्डर मनीष भतीजा को अवैध तरीके से खारघर में सिडको की अधिसूचित 24 एकड़ जमीन दिलवाने में मदद की थी। निरूपम ने दावा किया कि भतीजा भाजपा के विधान परिषद सदस्य प्रसाद लाड के कारोबारी साझेदार हैं और लाड मुख्यमंत्री फडणवीस के करीबी हैं।

उधर लाड ने आज कहा कि उन्होंने भूमि घोटाले में उनका नाम घसीटे जाने पर कांग्रेस प्रवक्ता सुरजेवाला , महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण और मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष निरूपम से माफी मांगने को कहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कल उन्हें कानूनी नोटिस भेजा है। मैंने बिना शर्त माफी मांगने को कहा है। अगर वे ऐसा नहीं करते तो मैं अदालत में 500 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा दर्ज करुंगा।’’ 

पिछले साल ही राकांपा से भाजपा में आये नेता ने कहा कि कथित जमीन अतिरिक्त कलेक्टर (पुनर्वास) के अधीन आती है। यह कलेक्टर के अधीन भी नहीं आती और किसी वरिष्ठ राजस्व अधिकारी या मुख्यमंत्री कार्यालय का इससे लेना - देना नहीं है। भाजपा आरोपों वाले दिन ही इन्हें बचकाना कहते हुए खारिज कर चुकी है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़