Meerut: Axis Bank के करेंसी चेस्ट में मिले 4.63 लाख के जाली नोट, अज्ञात के खिलाफ FIR

Meerut: Axis Bank के करेंसी चेस्ट में मिले 4.63 लाख के जाली नोट, अज्ञात के खिलाफ FIR
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मेरठ में एक्सिस बैंक के करेंसी चेस्ट में जांच के दौरान 4,63,650 रुपये मूल्य के 1,323 नकली नोट मिलने पर सिविल लाइंस थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बैंक प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बरामद नोटों में 500, 200, 100 और 50 रुपये के मूल्यवर्ग शामिल हैं।

मेरठ में एक्सिस बैंक के करेंसी चेस्ट में विभिन्न शाखाओं से भेजी गई नकदी की जांच के दौरान 4,63,650 रुपये मूल्य के 1,323 जाली नोट मिलने के मामले में सिविल लाइंस थाना में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बैंक के करेंसी चेस्ट प्रबंधक सरताज सिंह की शिकायत के अनुसार, एक दिसंबर 2024 से 31 दिसंबर 2025 के बीच विभिन्न शाखाओं से भेजी गई धनराशि की जांच के दौरान जाली नोट पाए गए। प्राथमिकी के मुताबिक, इनमें 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोट शामिल हैं।

इनकी कुल संख्या 1,323 और कुल मूल्य 4,63,650 रुपये बताई गई है। पुलिस ने बुधवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 178, 179, 180, 181 और 182 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक दिलीप सेंगर को सौंपी गई है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि किन-किन बैंकों में किस तरह से नकली नोट पहुंचे, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई है। बैंक सूत्रों के मुताबिक, सरताज सिंह ने 16 सितंबर को इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति से शिकायत की थी। बैंक प्रबंधक का कहना है कि वह थाना मेडिकल क्षेत्र स्थित मंगल पांडेय नगर स्थित बैंक शाखा में कार्यरत हैं और उनकी चेस्ट से एक्सिस बैंक की कई शाखाएं जुड़ी हुई हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़