कांग्रेस सरकार बनने पर किसानों के कर्ज माफ होंगे: भूपेंद्र सिंह हुड्डा

पुन्हाना। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अगले साल राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों और गरीबों के कर्ज माफ किये जायेंगे और डीजल की कीमत हरियाणा में देश के अन्य राज्यों से कम की जाएगी। मेवात के पुन्हाना में 'जनक्रांति रैली' में हुड्डा ने मनोहर लाल खट्टर सरकार पर जमकर हमला बोला और दावा किया कि राज्य में विकास कार्य ठप पड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि इस सरकार में लूट हो रही है। इसने किसान को बर्बादी के कगार पर ला दिया है। किसान की आय घट गई और लागत बढ़ गई। किसान इस सरकार में सबसे ज्यादा परेशान है। उन्होंने कहा कि सरकार में रहते हुए हमने पहले भी किसानों और गरीबों को राहत पहुंचाई थी। पूरा विश्वास है कि अगले साल कांग्रेस की सरकार बनेगी। इसके बाद हम किसानों और गरीबों का कर्ज माफ करेंगे।
उन्होंने कहा कि किसानों और गरीबों को राहत पहुंचाने के लिए डीजल के दाम कम किये जाएंगे। हिंदुस्तान में सबसे सस्ता डीजल हरियाणा में मिलेगा। हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा की भाजपा सरकार एक बेदर्द और नाकाम सरकार है। यह लूट से भूख फैला रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने वादा किया कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर बुजर्गो को पेंशन दी जाएगी और नौजवानों को रोजगार मुहैया कराने पर जोर दिया जाएगा।
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) पर निशाना साधते हुए हुड्डा ने कहा,' इनेलो का दोहरा चेहरा है। यह पार्टी मुख्य विपक्षी नहीं, भाजपा की मुख्य सहयोगी बनी हुई है। इसने एसवाईएल पर लडाई लड़ने का ढोंग किया है।' उन्होंने मेवात इलाके में कई विकास परियोजनाओं का वादा करते हुए कहा कि इस इलाके ने देश की आजादी में बड़ा योगदान दिया। इस इलाके के विकास के लिए हमने सरकार में रहते हुए पूरे प्रयास किये । आने वाले समय में सरकार बनने पर हम विकास को आगे बढ़ाएंगे।
हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर के साथ अपने मतभेदों की अटकलों के बीच हुड्डा इन दिनों हरियाणा में 'जनक्रांति रथयात्रा' निकाले हुए हैं। उनकी इस रथयात्रा और जनसभाओं को शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
अन्य न्यूज़