Kochi में फिल्म निर्देशक Martin Prakkat पर केस, बिना सहमति दिखाया व्यक्ति का मोबाइल नंबर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

एर्नाकुलम की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत के निर्देश पर कोच्चि साइबर अपराध पुलिस ने मलयालम निर्देशक मार्टिन प्रक्काट और दो अन्य पर प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि फिल्म ‘ऑफिसर ऑन ड्यूटी’ में उसके नंबर को महिला पात्र का फोन बताकर दिखाया गया। इसके बाद उसे लगातार आपत्तिजनक संदेश और धमकी भरे कॉल आ रहे हैं।

कोच्चि शहर की साइबर अपराध पुलिस ने एक व्यक्ति की सहमति के बिना उसका मोबाइल नंबर मलयालम फिल्म ‘ऑफिसर ऑन ड्यूटी’ में दिखाने के आरोप में फिल्म निर्देशक मार्टिन प्रक्काट और दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। त्रिक्काकारा निवासी अक्षय प्रकाश (26) की याचिका पर एर्नाकुलम के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत के आदेश के बाद बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई।

प्राथमिकी में प्रक्काट के अलावा ‘मार्टिन प्रक्काट मूवीज’ से जुड़े सिबी चावरा और रंजीत नायर को भी आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता की जानकारी या सहमति के बिना उसके मोबाइल नंबर को फिल्म में एक महिला किरदार के फोन नंबर के रूप में दिखाया गया था। प्राथमिकी में कहा गया कि इसके बाद शिकायतकर्ता को कथित तौर पर बार-बार परेशान करने वाले और धमकी भरे फोन तथा अश्लील संदेश मिलने लगे, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और व्यक्तिगत साख को नुकसान पहुंचा तथा उसे मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और केरल पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त ए. अनंतलाल मामले की जांच कर रहे हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़