Shimla के धार गांव में भीषण आग, पांच मकान जलकर राख

Shimla के धार गांव में भीषण आग, पांच मकान जलकर राख
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

हिमाचल प्रदेश के जुब्बल स्थित धार गांव में बृहस्पतिवार देर रात भड़की आग ने पांच रिहायशी घरों को तबाह कर दिया। कई दमकल केंद्रों से पहुंची गाड़ियों ने ग्रामीणों की मदद से सुबह तक मशक्कत कर लपटों पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है और प्रशासन ने नुकसान के आकलन के साथ जांच शुरू कर दी है।

शिमला, दो अक्टूबर शिमला जिले के जुब्बल इलाके के धार गांव में भीषण आग लगने से पांच मकान जलकर खाक हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार रात लगी इस आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जुब्बल दमकल केंद्र को बृहस्पतिवार रात 11:20 बजे धार गांव में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल विभाग की एक टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। उसने बताया कि आग के विकराल रूप को देखते हुए रोहड़ू, कोटखाई और टिक्कर से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भेजी गईं। स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में दमकल कर्मियों की मदद की।

दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए रात भर मशक्कत की। आग को पास के घरों और गांव के अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए दमकल की टीमें सुबह तक मौके पर मौजूद रहीं। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

शिक्षा मंत्री और क्षेत्र के स्थानीय विधायक रोहित ठाकुर ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। ठाकुर ने कहा कि आग से हुए नुकसान को देखते हुए प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। मंत्री ने प्रशासन को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने, मौके पर नुकसान का आकलन करने और आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़