पांच लापता मछुआरों के शव बरामद, तीन मछुआरे बचाये गये
पश्चिम बंगाल में सुंदरबन के लापता मछुआरों में से पांच के शव बरामद हुये हैं, जबकि भारतीय एवं बांग्लादेश के तटरक्षक बलों ने तीन मछुआरों को बचा लिया है।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सुंदरबन के लापता मछुआरों में से पांच के शव बरामद हुये हैं, जबकि भारतीय एवं बांग्लादेश के तटरक्षक बलों ने तीन मछुआरों को बचा लिया है। उल्लेखनीय है कि आठ अगस्त को चक्रवाती तूफान और भारी बारिश के बीच गहरे समुद्र में गये सुंदरबन के आठ मछुआरे लापता हो गये थे। इलाके में तलाशी अभियान चलाने वाले सुंदरबन विकास मंत्री मंतुराम पाखीराम ने बताया कि सुदंरबन के केंडो द्वीप में मंगलवार को इन मछुआरों का शव बरामद हुये।
उन्होंने बताया कि आज बचाये गये तीनों मछुआरों को और पांच मछुआरों के शवों को काकद्वीप लाने के प्रयास किये जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल मछुआरा संघ के अध्यक्ष जयकृष्णा हलदार और सचिव बिजोन मैती ने बताया कि ये मछुआरे एक अगस्त को चार ट्रालों पर सवार होकर हिलसा मछली पकड़ने के लिए निकले थे और 7-8 अगस्त को खराब मौसम के कारण गहरे समुद्र में फंस गये। कुल 31 मछुआरे लापता हो गये थे। मंत्री ने बताया कि रविवार को इनमें से पांच मछुआरों के शव मिले हैं और तीन मछुआरों को बचा लिया गया है। इनमें से दो मछुआरों को बांग्लादेश के समुद्री इलाके से बचाया गया है। भारतीय तटरक्षक बल और बांग्लादेश के तटरक्षक नौसैनिक अभी भी समुद्र में लापता अन्य 12 मछुआरों की तलाश कर रहे हैं। शुरूआती खबर में कहा गया था कि मछली पकड़ने वाली दो नावें बांग्लादेश की तरफ बह गयी हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को मृतक मछुआरों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी। इसके अलावा उन्होंने बचाये गये मछुआरों का इलाज सरकारी खर्च पर कराने के लिए भी कहा था।
अन्य न्यूज़