Duronto Express के Toilet में धुल रहे थे बर्तन, Viral Video पर FSSAI ने IRCTC को भेजा नोटिस

irctc
ANI

एफएसएसएआई ने ट्रेन के शौचालय में बर्तन धोने के एक वायरल वीडियो पर स्वतः संज्ञान लेते हुए आईआरसीटीसी को नोटिस जारी किया है। खाद्य नियामक ने इस घटना को खाद्य सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा बताया है, जिससे भोजन दूषित हो सकता है, और इस मामले पर तत्काल जवाब मांगा है।

खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने बृहस्पतिवार को सरकारी कंपनी भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) को नोटिस जारी किया है। सूत्रों के अनुसार, भारतीय खाद्य सुरक्षा मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए यह कदम उठाया है। इस वीडियो में ट्रेन के एक डिब्बे के शौचालय वाले हिस्से में बर्तन धोए जाते हुए दिखाया गया है।

उन्होंने बताया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने इस हरकत को (यदि यह सही है) आपत्तिजनक करार दिया है क्योंकि इससे भोजन दूषित हो सकता है। एक सूत्र ने बताया कि एफएसएसएआई ने इंडियन आईआरसीटीसी को इस सोशल मीडिया वीडियो का हवाला देते हुए नोटिस भेजा है। इस वीडियो में कथित तौर पर ट्रेन के शौचालय परिसर के अंदर बर्तन धोए जा रहे हैं। एक यात्री द्वारा बनाए गए इस वीडियो के अनुसार, ट्रेन का संख्या 12223 - एलटीटी ईआरएस दुरन्तो है। वीडियो के मुताबिक, बर्तन कैटरिंग स्टाफ या आईआरसीटीसी द्वारा काम पर रखे गए ठेका कर्मचारियों द्वारा धोए जा रहे थे।

एफएसएसएआई ने इस मामले पर आईआरसीटीसी से जल्द से जल्द जवाब मांगा है। एक सूत्र ने कहा कि शौचालय वाले हिस्सों में बर्तन धोने से दूषित होने का गंभीर खतरा पैदा होता है और खाद्य सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह अत्यंत आपत्तिजनक है। खाद्य सुरक्षा और मानक (खाद्य व्यवसायों का लाइसेंस और पंजीकरण) विनियम, 2011 की अनुसूची 4 के तहत, खाद्य व्यवसाय संचालकों को प्रसंस्करण, रखरखाव, धुलाई और सफाई के स्वच्छ तरीकों का पालन करना अनिवार्य है ताकि भोजन को दूषित होने से बचाया जा सके।

सूत्रों ने बताया कि इस महीने की शुरुआत में, एफएसएसएआई ने फटाफट सामान की आपूर्ति करने वाली कंपनी ब्लिंकिट से उसके मंच पर खराब गुणवत्ता वाले अंडे बेचे जाने के संबंध में उपभोक्ताओं की शिकायतों पर स्पष्टीकरण मांगा था। इस मामले में भी, एफएसएसएआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपभोक्ताओं की शिकायतों का स्वतः संज्ञान लिया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़