Ghaziabad के मंदिर में आरती रुकवाने के आरोप में Nanhe गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

गाजियाबाद जिले के निवाड़ी क्षेत्र स्थित एक हनुमान मंदिर में लाउडस्पीकर पर आरती बजाने का विरोध करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कुहेरड़ा गांव निवासी नन्हे उर्फ अली खान पर मंदिर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश और महंत की पत्नी के साथ धक्का-मुक्की का आरोप है। हालांकि, आरोपी ने आरती की आवाज कम करने को कहने की बात तो स्वीकारी लेकिन तोड़फोड़ के आरोपों को नकारा है।

गाजियाबाद जिले के निवाड़ी क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर में लाउडस्पीकर पर आरती बजाने से रोकने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने रविवार को एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी की पहचान कुहेरड़ा गांव के निवासी नन्हे उर्फ अली खान के रूप में हुई है। उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को घटना के विरोध में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और जय श्री राम तथा हर हर महादेव के नारे लगाए, लिहाजा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रही है। शिकायतकर्ता दीपक त्यागी द्वारा दर्ज करायी गयी रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे नन्हे ने हनुमान मंदिर में प्रतिमा को पैर मारकर क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की और उस समय मंदिर में मौजूद महंत की पत्नी सावित्री देवी ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें धक्का दे दिया और गाली-गलौज की। हालांकि, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने मंदिर परिसर में जाने और महंत की पत्नी से लाउडस्पीकर पर बज रही आरती की आवाज कम करने के लिए कहने की बात स्वीकार की है।

उसने प्रतिमा को लात मारने, गाली देने और किसी को धक्का देने के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़