राफेल पर तथ्यात्मक जवाब दे सरकार, राहुल के लिए विशेषण नहीं गढ़े: कांग्रेस

give-answers-on-rafale-instead-of-whataboutery-congress-tells-bjp
[email protected] । Oct 12 2018 8:42PM

राफेल विमान सौदे को लेकर भाजपा द्वारा राहुल गांधी पर झूठ बोलने का आरोप लगाए जाने पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी को गांधी के लिए विशेषण गढने की बजाय राफेल मामले में तथ्यों के आधार पर जवाब देना चाहिए।

नयी दिल्ली। राफेल विमान सौदे को लेकर भाजपा द्वारा राहुल गांधी पर झूठ बोलने का आरोप लगाए जाने पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी को गांधी के लिए विशेषण गढने की बजाय राफेल मामले में तथ्यों के आधार पर जवाब देना चाहिए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, ‘वही पीयूष गोयल (रेल मंत्री) हैं जिन पर स्वयं पर इतने बड़े- बड़े प्रश्न चिह्न लगे हुए हैं। जब पीयूष जी पर हमने प्रश्न उठाए तो निर्मला सीतारमण जी उनके बचाव में आईं। आज स्वयं रेलवे मंत्री प्रकट हुए। अपने मंत्रालय को पटरी पर रख नहीं पा रहे, रक्षा मंत्रालय के बारे में बात कर रहे हैं।’

उन्होंने कहा कि राफेल सौदे को लेकर हमारे सवाल तथ्यों पर आधारित हैं और जवाब भी तथ्यों पर आधारित होने चाहिए। देश को तथ्यात्मक रूप से सही उत्तर की जरूरत है। हम नहीं चाहते कि आप राहुल गांधी के लिए विशेषण गढ़ें। देश फैसला करेगा कि कौन झूठ बोल रहा है और कौन नहीं बोल रहा है। संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के गठन की मांग दोहराते हुए खेड़ा ने कहा, ‘आप जेपीसी के नाम से कांपते क्यों है? आप डर के यहाँ वहाँ की बातें क्यों करते हैं? दूध का दूध, पानी का पानी हो जाए तो आपके भी हित में है, देश के भी हित में है, भारतीय वायुसेना के भी हित में है। आपकी चुप्पी और आपके ये झूठ किसी के हित में नहीं है।’

इससे पहले गोयल ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने फर्जी खबर के जरिए देश भर में झूठ फैलाने की कोशिश की लेकिन एक झूठ को सौ बार बोलने से वह सच नहीं बनेगा। गोयल ने इस मुद्दे पर कांग्रेस के एक के बाद एक 8 कथित झूठ गिनाए और आरोप लगाया कि झूठ को बार-बार वे ही लोग बोल रहे हैं जिनके पास कोई मुद्दा नहीं है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़