गोवा की राज्यपाल मुद्दे पर चर्चा के प्रस्ताव पर विचार जारी

[email protected] । Mar 21 2017 4:00PM

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को आज सूचित किया गया कि गोवा की राज्यपाल के आचरण पर चर्चा करने के लिए दिये गए उनके प्रस्ताव पर आसन गंभीरतापूर्वक विचार कर रहा है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को आज सूचित किया गया कि गोवा की राज्यपाल के आचरण पर चर्चा करने के लिए दिये गए उनके प्रस्ताव पर आसन गंभीरतापूर्वक विचार कर रहा है, हालांकि अब तक उस पर कोई फैसला नहीं हो पाया है। सदन की बैठक शुरू होने पर सिंह ने जानना चाहा कि गोवा में संपन्न विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के सबसे बड़े अकेले दल के रूप में उभरने के बावजूद वहां की राज्यपाल ने सरकार बनाने के लिए पार्टी को आमंत्रित नहीं किया और राज्यपाल के इस आचरण पर चर्चा करने के लिए उन्होंने जो समुचित प्रस्ताव दिया था उस पर क्या फैसला हुआ।

इस पर उप सभापति पीजे कुरियन ने कहा ‘‘कुछ औपचारिकताएं पूरी की जानी हैं जिसके बाद आपको सूचित कर दिया जाएगा। प्रस्ताव को अस्वीकार नहीं किया गया है और इस पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जा रहा है।’’ उन्होंने यह भी कहा ‘‘यह सामान्य चर्चा नहीं है। यह अल्पकालिक चर्चा या ध्यानाकर्षण प्रस्ताव वाली चर्चा नहीं है। यह एक समुचित प्रस्ताव है और सभापति को इस पर विचार करना है।’’ सिंह ने यह भी जानना चाहा कि लखनऊ में एक कथित मुठभेड़ में आईएसआईएस के संदिग्ध को मारे जाने के मुद्दे पर स्पष्टीकरण देने के लिए गृह मंत्री राजनाथ सिंह सदन में कब आएंगे। उन्होंने कहा कि सदन को बताया गया था कि मुठभेड़ के बारे में अपने बयान पर गृह मंत्री स्पष्टीकरण देंगे लेकिन अब तक स्पष्टीकरण नहीं हुआ। कुरियन ने कहा कि गृह मंत्री से उनकी उपलब्धता के बारे में पूछा जाएगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़