Mumbai Airport पर Customs ने पकड़ा 2.09 करोड़ रुपये का Gold, दो यात्री हिरासत में

Mumbai Airport पर Customs ने पकड़ा 2.09 करोड़ रुपये का Gold, दो यात्री हिरासत में
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

सीमा शुल्क हवाई खुफिया इकाई ने बहरीन से मुंबई पहुंचे दो यात्रियों के पास से करीब 2.09 करोड़ रुपये मूल्य का 1.68 किलोग्राम सोना जब्त किया है। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर की गई तलाशी में यह सोना यात्रियों के अंतःवस्त्रों से मोम के रूप में बरामद हुआ। सीमा शुल्क अधिनियम के तहत सामग्री जब्त कर मामले की जांच की जा रही है।

मुंबई, चार नवंबर बहरीन से मुंबई हवाई अड्डे पर पहुंचे दो यात्रियों के पास से करीब 2.09 करोड़ रुपये मूल्य का 1.68 किलोग्राम सोना (सोने का बुरादा) बरामद किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने सोना अपने अंतःवस्त्रों में छिपा रखा था।

उन्होंने बताया कि सीमा शुल्क हवाई खुफिया इकाई (एआईयू) के अधिकारियों ने मंगलवार को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे दोनों यात्रियों को रोका। एक अधिकारी ने बताया कि तलाशी के दौरान एआईयू कर्मियों ने इन यात्रियों के अंतःवस्त्रों के अंदर बड़ी चालाकी से छिपाकर मोम के रूप में रखा गया सोने का बुरादा बरामद किया। अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित सामग्री को सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त मूल्यांकनकर्ता द्वारा प्रमाणित कराया गया और सीमा शुल्क अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया।

उन्होंने कहा कि तस्करी के इस मामले में जांच जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़