कर्नाटक चुनाव से पहले भाजपा के लिए यहां से आई अच्छी खबर

Good news from here for the BJP before the Karnataka elections
[email protected] । Apr 20 2018 7:28PM

झारखंड में पार्टी आधार पर लड़े गये पहले निगम एवं नगर निकाय चुनावों में भाजपा ने राज्य की राजधानी रांची समेत सभी पांच निगमों में महापौर एवं उपमहापौर की सीटों पर जीत दर्ज की है।

रांची। झारखंड में पार्टी आधार पर लड़े गये पहले निगम एवं नगर निकाय चुनावों में भाजपा ने राज्य की राजधानी रांची समेत सभी पांच निगमों में महापौर एवं उपमहापौर की सीटों पर जीत दर्ज की है। झारखंड राज्य चुनाव आयुक्त एन एन पांडेय ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न नगर निकाय चुनावों के लिए मतों की गिनती का काम आज शाम पूरा हो गया और राज्य के सभी पांच नगर निगमों में महापौर एवं उपमहापौर के पदों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। उन्होंने बताया कि राजधानी रांची में नगर निगम चुनावों में भाजपा की निवर्तमान मेयर आशा लकड़ा ने 149623 मत प्राप्त कर झारखंड मुक्ति मोर्चा की उम्मीदवार वर्षा गाड़ी को 39616 मतों से पराजित किया। इसी प्रकार उपमहापौर के चुनावों में रांची में भाजपा के निवर्तमान उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय ने कांग्रेस के राजेश गुप्ता को 33120 मतों से पराजित कर एक बार फिर यह पद जीत लिया।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार हजारीबाग नगर निगम के चुनावों में महापौर पद पर भाजपा की रोशनी तिर्की ने कांग्रेस की गुंजा देवी को 7711 मतों के अंतर से पराजित किया। रोशनी को जहां 35417 मत मिले वहीं गुंजा देवी को 27706 मत प्राप्त हुए। उपमहापौर के पद पर भाजपा के राजकुमार लाल ने 29897 मत प्राप्त कर कांग्रेस के आनन्द देव को 6548 मतों से पराजित किया जिन्हें कुल 23349 मत प्राप्त हुए। गिरिडीह नगर निगम चुनावों में भाजपा के सुनील कुमार पासवान ने 30691 मत प्राप्त कर महापौर पद पर कांग्रेस के समीर राज चौधरी को 10096 मतों से पराजित किया, जबकि उपमहापौर के पद पर भी भाजपा के उम्मीदवार प्रकाश राम ने कांग्रेस के मोहम्मद इश्तियाक को 3446 मतों से पराजित किया।आदित्यपुर के नगर निगम चुनावों में भी महापौर पद के लिए भाजपा के विनोद श्रीवास्तव ने 18992 मत प्राप्त कर कांग्रेस के योगेन्द्र शर्मा को 7950 मतों से पराजित किया।

आदित्यपुर में उपमहापौर पद के लिए भाजपा के अमित सिंह ने 24359 मत प्राप्त कर झामुमो के मनोज महतो को 10663 मतों से पराजित किया।पांडेय ने बताया कि मेदिनी नगर निगम में महापौर पद पर भाजपा की अरुणा शंकर ने 15944 मत प्राप्त कर निर्दलीय पूनम सिंह को 4543 मतों से पराजित किया। उपमहापौर पद पर भी भाजपा के रतन कुमार सिंह 18387 मत प्राप्त कर विजयी हुए। इस पद पर लड़ाई कांटे की रही क्योंकि रतन यह सीट महज 704 मतों से जीत सके। यहां कांग्रेस के मनोज सिंह को 17683 मत प्राप्त हुए।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़