Govt चीन के साथ एलएसी पर स्थिति के संबंध में श्वेत पत्र प्रकाशित करे : कांग्रेस

Manish Tiwari
प्रतिरूप फोटो
ANI

पूर्व केंद्रीय मंत्री तिवारी ने भाजपा नीत राजग सरकार के नौ साल पूरे होने पर उसके कार्य प्रदर्शन के मूल्यांकन के लिए यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।

बेंगलुरु। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने मंगलवार को चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर मौजूदा स्थिति के संबंध में तुरंत श्वेत पत्र प्रकाशित करने का सरकार से आग्रह किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री तिवारी ने भाजपा नीत राजग सरकार के नौ साल पूरे होने पर उसके कार्य प्रदर्शन के मूल्यांकन के लिए यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा, किसी भी सरकार के प्रदर्शन का पांच मानकों से मूल्यांकन किया जाता है - भारत की बाहरी सुरक्षा, अर्थव्यवस्था की हालत, सामाजिक सद्भाव, आंतरिक सुरक्षा, और दुनिया के साथ भारत के संबंध या इसकी विदेश नीति। इन सभी मानकों पर, भाजपा-राजग सरकार पिछले नौ साल में पूरी तरह से नाकाम रही है।’’

तिवारी ने कहा कि भारत पिछले कई दशकों की तुलना में आज सबसे अभूतपूर्व बाहरी सुरक्षा चुनौती का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा, चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने तीन साल से, भारतीय क्षेत्र पर किए गए कब्जे को खाली नहीं किया है...।’’ उन्होंने कहा कि चीनी घुसपैठ के बारे में देश के सामने खुलकर बोलने के बदले, दुर्भाग्य से राजग सरकार ने सितंबर 2020 से संसद में इस मुद्दे पर एक बार भी चर्चा की अनुमति नहीं दी। उन्होंने कहा कि संसद सदस्यों, यहां तक कि सत्तारूढ़ दल के सदस्यों द्वारा भी पूछे गए सभी सवालों को राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर मंजूर नहीं किया गया। कांग्रेस नेता तिवारी ने कहा, हम (कांग्रेस) मांग करते हैं कि राजग-भाजपा सरकार, चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा पर क्या स्थिति है?, कितने बफर जोन बनाए गए हैं?, उनमें से कितने भारतीय क्षेत्र में हैं?, और हमने कितना भू-भाग खो दिया है?, इस पर तुरंत श्वेत पत्र प्रकाशित करें।

इसे भी पढ़ें: Uttar Pradesh में जदयू कार्यकर्ता चाहते हैं कि नीतीश कुमार फूलपुर से लोकसभा चुनाव लड़ें : धनंजय सिंह

उन्होंने उन रिपोर्टों का जिक्र करते हुए यह टिप्पणी की जिनमें कहा गया है कि भारत ने नियंत्रण रेखा पर 65 गश्त बिंदुओं (पीपी) में से 26 तक अपनी पहुंच खो दी है, जो करीब 2,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र के बराबर है। तिवारी ने भारत की विदेश नीति को लेकर विदेश मंत्री एस जयशंकर से सवाल किया कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत को स्थायी सीट मिलने की दिशा में पिछले नौ साल में कोई प्रगति क्यों नहीं हुई? उन्होंने सवाल किया, इसके अलावा, भारत को परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह की सदस्यता क्यों नहीं मिली? 2015 से, दक्षेस का कोई शिखर सम्मेलन क्यों नहीं हुआ है? भारत के पड़ोस में चीन के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करने के लिए सरकार क्या कर रही है? और, क्या बढ़ते रूसी-चीनी सम्मिलन के लिए भारत के पास कोई जवाबी रणनीति है? पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आंतरिक सुरक्षा का जिक्र करते हुए मणिपुर की स्थिति की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि इतने दिनों बाद जाकर केंद्रीय गृह मंत्री (अमित शाह) ने राज्य का दौरा करना उचित समझा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़