Gujarat ATS ने पकड़ा Shimla का वांछित ड्रग तस्कर, 1.12 किलो हेरोइन केस में था फरार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

हरियाणा के अंबाला निवासी आजादसिंह वाल्मीकि को अहमदाबाद के एक होटल से उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह अबू धाबी भागने की फिराक में था। आरोपी पिछले महीने शिमला में जब्त 1.12 किलोग्राम हेरोइन की खेप से जुड़े एनडीपीएस मामले में वांछित था। गुजरात एटीएस ने आरोपी को शिमला पुलिस को सौंपने के लिए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने पिछले महीने हिमाचल प्रदेश के शिमला शहर में दर्ज 1.12 किलोग्राम हेरोइन जब्ती के एक मामले में वांछित व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, हरियाणा के अंबाला निवासी आजादसिंह वाल्मीकि को सोमवार शाम अहमदाबाद के माधुपुरा इलाके के एक होटल से गिरफ्तार किया गया।

बयान में कहा गया कि आरोपी शिमला वेस्ट पुलिस थाने में स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 21 के तहत दर्ज एक प्राथमिकी के सिलसिले में वांछित था। वाल्मीकि के ठिकाने के संबंध में मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर गुजरात एटीएस ने एक टीम का गठन किया। टीम ने 24 अगस्त को माधुपुरा के एक होटल में तलाशी ली और वाल्मीकि को ढूंढ निकाला।

इसके बाद उसे पूछताछ के लिए एटीएस कार्यालय लाया गया। प्राथमिक पूछताछ के दौरान वाल्मीकि ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को बताया कि वह चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था, जहां वह शुभ कर्मन नाम के एक टैक्सी चालक के संपर्क में आया। एटीएस ने बताया कि लगभग एक महीने पहले कर्मन ने उसे कथित तौर पर बताया था कि उसके पास लगभग एक किलोग्राम हेरोइन है और उसने ग्राहक ढूंढने के बदले में कमीशन की पेशकश की थी।

बयान के अनुसार, वाल्मीकि ने फिर इस मामले पर अपने एक संबंधी विजय कुमार (अंबाला निवासी) से चर्चा की, जो हेरोइन प्राप्त करने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद विजय कुमार हेरोइन लेकर हिमाचल प्रदेश के शिमला गया, जहां शिमला पश्चिम पुलिस ने तीन अगस्त को उसे 1.120 किलोग्राम मादक पदार्थ के साथ पकड़ लिया। विजय कुमार की गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद वाल्मीकि कथित तौर पर अपने घर से भाग गया और दिल्ली से ट्रेन पकड़कर अहमदाबाद पहुंचा।

उसकी योजना यहां से अबू धाबी की उड़ान लेने की थी, लेकिन इससे पहले ही गुजरात एटीएस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बयान के अनुसार, एटीएस ने वाल्मीकि की गिरफ्तारी के बारे में शिमला पुलिस को सूचित कर दिया है और उसे शिमला पुलिस को सौंपने के लिए कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़