Gurugram में बिना वैध वीजा-पासपोर्ट रह रहे 27 बांग्लादेशी डिपोर्ट, ट्रेन से भेजे गए वापस

गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे 27 बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस निगरानी में ट्रेन के जरिए निर्वासित कर दिया गया है। इन सभी को एटीएस और ऑपरेशन स्टाफ ने अलग-अलग अभियानों में बिना वैध दस्तावेजों के पकड़ा था। मानेसर स्थित केंद्र में कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें विशेष अतिरिक्त डिब्बे में रवाना किया गया।
गुरुग्राम में अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किए गए 27 बांग्लादेशी नागरिकों को निर्वासित कर दिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस के जवान 27 लोगों को ट्रेन तक लेकर गए और उनकी यात्रा के दौरान उनके साथ रहे।
उनके लिए एक अतिरिक्त जनरल डिब्बे की व्यवस्था कर ट्रेन में उसे जोड़ा गया था। पुलिस के अनुसार, इन बांग्लादेशी नागरिकों को गुरुग्राम पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) और पुलिस ऑपरेशन स्टाफ ने अलग-अलग अभियान चलाकर हिरासत में लिया था। प्रारंभिक जांच में उनके पास भारत में रहने की अनुमति देने वाला वैध वीजा, पासपोर्ट या कोई अन्य दस्तावेज नहीं मिला।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद हिरासत में लिए गए लोगों को मानेसर स्थित हिरासत केंद्र भेजा गया, जहां कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की गईं। एक अधिकारी ने बताया कि सभी 27 बांग्लादेशी नागरिकों को शुक्रवार को पुलिस की निगरानी में ट्रेन से वापस भेजा गया। अधिकारी ने कहा, सभी 27 बांग्लादेशी नागरिक पुलिसकर्मियों के साथ ट्रेन में सवार हुए और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ट्रेन रवाना हो गई।
पूरी कार्रवाई सुव्यवस्थित और योजनाबद्ध तरीके से की गई। अधिकारी ने कहा कि जिले में कथित तौर पर अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान करने और उनके दस्तावेजों की जांच करने का अभियान जारी रहेगा।
अन्य न्यूज़













