Pune में बोले Javed Akhtar, मदरसों और गुरुकुलों से निकले बच्चों के दिमाग में भरा होगा जहर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

गीतकार जावेद अख्तर ने पुणे में महात्मा फुले समता पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कहा कि गरीब बच्चों के लिए शिक्षा के अवसर लगातार सीमित हो रहे हैं। उन्होंने गुरुकुलों और मदरसों की शिक्षा पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि वहां से निकलने वाले बच्चों की सोच में जहर भरा होगा। इसके साथ ही उन्होंने महिला आरक्षण को परिसीमन से अलग रखने की वकालत की।

प्रसिद्ध लेखक व शायर जावेद अख्तर ने शनिवार को कहा कि भारत प्रतिभाशाली और बुद्धिमान लोगों का देश है, लेकिन गरीब परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा के अवसर लगातार मुश्किल होते जा रहे हैं। जावेद अख्तर ने मदरसों और गुरुकुलों में दी जाने वाली शिक्षा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि इन संस्थानों से पढ़कर निकलने वाले बच्चों के दिमाग में जहर भरा होगा।

वे यहां महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और राकांपा नेता छगन भुजबल से महात्मा फुले समता पुरस्कार 2026 प्राप्त करने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि के मौके पर अखिल भारतीय महात्मा फुले समता परिषद की ओर से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में उन्होंने कहा, “भारत प्रतिभाशाली और बुद्धिमान लोगों का देश है, लेकिन गरीब परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा के अवसर लगातार कम होते जा रहे हैं।

अगर किसी आम व्यक्ति को मौका दिया जाए, तो वह बहुत कुछ हासिल कर सकता है। लेकिन आज कई लोगों को शिक्षा के बुनियादी अवसर भी नहीं मिल पा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि शिक्षा महंगी हो गई है और अब इसे केवल एक खास वर्ग के लोग ही वहन कर सकते हैं। अख्तर ने दावा किया, “जब कोई बच्चा मदरसे या गुरुकुल से पढ़कर बाहर निकलेगा, तो उसका दिमाग जहर से भरा होगा।

आज यही हो रहा है।” उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार शिक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी है। अख्तर ने परीक्षा में गड़बड़ियों की शिकायत करने वालों को देशविरोधी कहे जाने की भी आलोचना की। उन्होंने युवाओं से कहा, “अगर आप देश की चिंता करते हैं, तो कोई आपको देशविरोधी कहे, तो कहने दीजिए।

इसे एक और पद्म भूषण पुरस्कार की तरह समझिए।” उन्होंने कहा कि भारत को आगे बढ़ने में भले ही कुछ समय लगे, लेकिन उसे प्रगति करने से कोई नहीं रोक सकता। शिक्षा तथा सामाजिक सुधार में महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के योगदान के लिए उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए अख्तर ने कहा कि वह खुद को महात्मा फुले समता पुरस्कार के योग्य नहीं मानते। उन्होंने कहा, “उनका काम असाधारण था।

उस समय समाज के वंचित वर्गों को शिक्षा देना धार्मिक मान्यताओं के खिलाफ माना जाता था। फुले दंपति से जुड़ा स्थान एक महान मंदिर की तरह है, जहां लोगों को सिर झुकाना चाहिए और उनके काम से सीख लेनी चाहिए।” अख्तर ने महिला आरक्षण को परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दोनों मुद्दों पर अलग-अलग तरीके से काम किया जाना चाहिए।

उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि यह कुछ ऐसा है जैसे युद्ध के दौरान महिलाओं और बच्चों को आगे खड़ा कर दिया जाए, ताकि कोई गोली न चलाए। इसी तरह महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन को लाया जा रहा है। उन्होंने कहा, आपने इसे (महिला आरक्षण) परिसीमन के साथ क्यों जोड़ दिया है?

यह ऐसा है जैसे युद्ध के दौरान महिलाओं और बच्चों को आगे खड़ा कर दिया जाए, ताकि कोई गोली न चलाए। महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन को लाया जा रहा है। अगर आपकी मंशा सही है, तो महिला आरक्षण वाले हिस्से को इससे अलग कर दीजिए।

वह विधेयक पहले ही पारित हो चुका है।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़