Gurugram में SHO की सरकारी गाड़ी को पति ने मारी टक्कर, चालक घायल होने पर FIR

Prabhasakshi Image

गुरुग्राम के सेक्टर-40 में तैनात एक महिला एसएचओ की सरकारी गाड़ी में कन्हई रेड लाइट के पास उनके पति ने अपनी एसयूवी से टक्कर मार दी। इस हादसे में वाहन चला रहा कांस्टेबल घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी घटना के बाद महिला अधिकारी का पर्स छीनकर मौके से फरार हो गया।

गुरुग्राम (हरियाणा), पांच अगस्त गुरुग्राम में एक एसएचओ और उनके पति के बीच घरेलू विवाद कथित तौर पर हिंसक हो गया, जब ड्यूटी पर तैनात एसएचओ को ले जा रहे उनके सरकारी वाहन में पति ने अपनी कार से टक्कर मार दी। इस घटना में चालक घायल हो गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना तीन अगस्त को हुई, जब आरोपी ने कथित तौर पर सेक्टर-40 थाने में हंगामा किया। इस थाने में महिला अधिकारी थाना प्रभारी (एसएचओ) के पद पर तैनात हैं। बाद में, एसएचओ की सरकारी गाड़ी से हुडा सिटी सेंटर की ओर जाते समय उनके पति ने कथित तौर पर कन्हई रेड लाइट के पास अपनी एसयूवी से उसमें टक्कर मार दी।

यह जानकारी एसएचओ के चालक कांस्टेबल मनीष कुमार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में दी गई है। शिकायत में कहा गया है कि टक्कर के कारण सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और चालक घायल हो गया। शिकायत के अनुसार, इसके बाद आरोपी अपनी गाड़ी से बाहर निकला, कथित तौर पर महिला का पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गया।

शिकायत में कहा गया, महिला अधिकारी ने मुझे बताया कि संबंधित व्यक्ति उनके पति हैं। जब सरकारी वाहन हुडा सिटी सेंटर की ओर जा रहा था, तभी दोपहर करीब 12 बजकर 25 मिनट पर पीछे से आ रही एक ग्रे सफारी ने कन्हई रेड लाइट के पास उसमें टक्कर मार दी। शिकायत में कहा गया, टक्कर इतनी जोरदार थी कि सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और मेरी (शिकायतकर्ता) गर्दन तथा कमर के निचले हिस्से में चोटें आईं।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर सेक्टर-40 थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें लापरवाही से वाहन चलाना, जीवन को खतरे में डालने वाले कृत्य से चोट पहुंचाना, लोक सेवक के काम में बाधा डालना, लोक सेवक के खिलाफ हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल और छीनाझपटी से संबंधित धाराएं शामिल हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, एसएचओ के पति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

हम मामले की जांच कर रहे हैं। कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़