Hardoi Road Accident: बिलग्राम में नहर में गिरी कार, दंपति और तीन माह के मासूम की मौत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शुक्रवार सुबह गुरुग्राम से लौट रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर नहर में समा गई। शाहपुर मोड़ के पास जफरपुर पुलिया पर हुए इस हादसे में पति-पत्नी और उनके तीन माह के बच्चे की जान चली गई। वहीं कार में सवार एक अन्य युवक सुरक्षित बच गया है।

हरदोई, छह नवंबर उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह गुरुग्राम से लौट रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। इस हादसे में पति-पत्नी और उनके तीन माह के बच्चे की मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक अन्य व्यक्ति सुरक्षित बच गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब चार बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि बिलग्राम क्षेत्र के जफरपुर पुलिया के पास एक कार नहर में गिर गई है और उसमें सवार लोग डूब गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (पीआरवी) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार सवार सभी लोगों को नहर से बाहर निकलवाया।

कार में हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र के सर्रा गांव निवासी आदित्य सिंह (28), रमेश (35), उनकी पत्नी नीलम (32) और उनका तीन माह का बच्चा सवार थे। ये सभी चांद बेहटा में रह रहे थे और गुरुग्राम से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाहपुर मोड़ के पास जफरपुर पुलिया पर कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।

पुलिस ने बताया कि हादसे में आदित्य सिंह सुरक्षित बच गए, जबकि रमेश, नीलम और उनके तीन माह के बच्चे को एंबुलेंस से कन्नौज जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कन्नौज पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बिलग्राम के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रामसूरत सोनकर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी लोगों को नहर से बाहर निकलवाया गया।

उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़