Haryana Assembly ने पूर्व मंत्री Phool Chand Mullana और सतविंदर राणा को दी श्रद्धांजलि

हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र की शुरुआत में सदन ने हाल ही में दिवंगत हुए पूर्व मंत्री फूलचंद मुलाना और पूर्व विधायक सतविंदर राणा के सम्मान में शोक प्रस्ताव पारित किया। चार बार विधायक रहे मुलाना का 20 नवंबर को 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण और विपक्ष के नेताओं ने भी दिवंगत नेताओं और देश के वीर सैनिकों को नमन किया।
हरियाणा विधानसभा ने पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फूलचंद मुलाना को बृहस्पतिवार को श्रद्धांजलि दी। हाल में मुलाना का निधन हो गया था। हरियाणा विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र की कार्यवाही मुलाना और पूर्व विधायक सतविंदर राणा के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित करने के साथ शुरू हुई।
मुलाना का 20 नवंबर को 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। वह मुलाना विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक निर्वाचित हुए थे और पिछली कांग्रेस सरकार में मंत्री भी थे। मुलाना के बेटे वरुण चौधरी अंबाला से मौजूदा कांग्रेस सांसद हैं जबकि उनकी बहू पूजा चौधरी अंबाला के मुलाना विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा कांग्रेस विधायक हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, जो सदन के नेता भी हैं, ने दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी और शोक प्रस्ताव पढ़े। विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने भी दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी। नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा तथा इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलोद) के आदित्य देवी लाल ने भी अपनी-अपनी पार्टियों की ओर से श्रद्धांजलि देते हुए शोक प्रस्ताव पढ़े।
सदन ने हरियाणा के उन वीर सैनिकों को भी श्रद्धांजलि दी जिन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपनी मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
अन्य न्यूज़














