Hemant Soren ने पेश किया संशोधित MMDR Act विरोधी प्रस्ताव, 13,000 करोड़ के नुकसान की जताई आशंका

Hemant Soren ने पेश किया संशोधित MMDR Act विरोधी प्रस्ताव, 13,000 करोड़ के नुकसान की जताई आशंका
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संशोधित खान और खनिज अधिनियम को वापस लेने की मांग से जुड़ा प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने बताया कि इस कानून के लागू होने से राज्य को टैक्स और सेस से मिलने वाले भारी राजस्व का नुकसान होगा। इस कारण सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास की कल्याणकारी योजनाओं के लिए बजट जुटाना कठिन हो जाएगा।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संशोधित खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम को वापस लेने की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने दावा किया कि इस कानून के लागू होने से राज्य को सालाना करीब 13,000 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है। प्रस्ताव पेश करते हुए सोरेन ने कहा कि अगस्त में संसद द्वारा पारित यह संशोधन राज्य की वित्तीय स्थिति और कल्याणकारी एवं विकास कार्यक्रमों के वित्तपोषण की क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘इस अधिनियम के लागू होने से राज्य सरकार को सालाना करीब 13,000 करोड़ रुपये के राजस्व का भारी नुकसान होने की आशंका है जिससे राज्य की सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, ग्रामीण विकास और अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए आवश्यक धन जुटाने में कठिनाई होगी।’’ सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार फिलहाल खनिज अधिकारों या खनिज युक्त भूमि पर उपकर के जरिए सालाना करीब 13,000 करोड़ रुपये जुटाती है। इस राशि का इस्तेमाल सामाजिक-आर्थिक विकास और कल्याणकारी कार्यक्रमों के वित्तपोषण में किया जाता है। उन्होंने कहा कि संशोधित एमएमडीआर अधिनियम के लागू होने के बाद राज्य सरकार खनिज अधिकारों या खनिज युक्त भूमि पर किसी भी प्रकार का कर, उपकर या अन्य शुल्क नहीं लगा सकेगी।

मुख्यमंत्री ने केंद्र से संशोधन पर पुनर्विचार करने या उसे वापस लेने का आग्रह करते हुए कहा कि झारखंड के संवैधानिक और वित्तीय अधिकार बरकरार रहने चाहिए। विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बृहस्पतिवार को समाप्त होगा। सत्र में संशोधित कानून के प्रभावों पर चर्चा हो रही है।

इस प्रस्ताव को मतदान के लिए रखे जाने की संभावना है। एक अधिकारी ने बताया कि प्रस्ताव पारित होने पर इसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़