Karthigai Deepam: तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने के Supreme Court के आदेश पर भक्तों में खुशी

तमिलनाडु के तिरुप्परनकुंद्रम में हिंदू मुन्नानी समर्थकों और श्रद्धालुओं ने पहाड़ी स्थित पाषाण स्तंभ पर 28 नवंबर को कार्तिगई दीपम जलाने के उच्चतम न्यायालय के निर्देश का स्वागत किया। फैसले के बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर जश्न मनाया और इसे राज्य सरकार के लिए बड़ा झटका बताया। इससे पूर्व शीर्ष अदालत ने 20 नवंबर के अंतरिम आदेश की अवहेलना पर राज्य प्रशासन को फटकार लगाई थी।
श्रद्धालुओं के एक वर्ग और हिंदू मुन्नानी के समर्थकों ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय के उस निर्देश का स्वागत किया, जिसमें तमिलनाडु के अधिकारियों को 28 नवंबर को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित पाषाण स्तंभ के ऊपर कार्तिगई दीपम जलाने का आदेश दिया गया। उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद जश्न मनाने के लिए इकट्ठा हुए कार्यकर्ताओं और स्थानीय श्रद्धालुओं ने ‘‘वेत्रिवेल मुरुगनुकु अरोहारा’’ और ‘‘सुप्रीम कोर्ट-उकु अरोहारा’’ के नारे लगाए। उन्होंने तमिलनाडु सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी की।
पार्टी पदाधिकारी मणिकंदन ने पत्रकारों से बातचीत में इस फैसले को राज्य सरकार के लिए बड़ा झटका बताया। उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘हमें जिंदगी में इससे ज्यादा और क्या चाहिए? हमारे लिए यही काफी है।
उच्चतम न्यायालय ने सरकार को जोरदार झटका दिया है और यह फैसला हमेशा याद रखा जाएगा।’’ सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार पर निशाना साधते हुए मणिकंदन ने अदालत के आदेश को कानून मंत्री आर एन निर्मल कुमार और मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के लिए ‘‘झटका’’ बताया। उन्होंने कहा कि इस धार्मिक परंपरा का विरोध करने वालों को आगे भी झटके लगेंगे। इससे पहले, उच्चतम न्यायालय ने 20 नवंबर के उसके अंतरिम आदेश की ‘‘खुलेआम और जानबूझकर अवहेलना’’ करने को लेकर तमिलनाडु प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई।
आदेश में पाषाण स्तंभ के ऊपर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी गई थी।
अन्य न्यूज़













