बेंगलुरु-अहमदाबाद इंडिगो फ्लाइट में बम की अफवाह! शौचालय में मिला हाथ से लिखा पर्चा, पुलिस ने दर्ज की FIR

IndiGo
ANI
रेनू तिवारी । Jul 17 2026 10:23AM

बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में बम होने की झूठी धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को एक प्राथमिकी दर्ज की गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, इंडिगो की उड़ान 6ई-6423 को 16 जुलाई की रात आठ बजे बेंगलुरु से रवाना होना था।

बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (KIA) पर उस समय हड़कंप मच गया, जब अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में बम होने की लिखित धमकी मिली। हालांकि, गहन जांच के बाद यह धमकी पूरी तरह से फर्जी (Hoax) साबित हुई। इस घटना के संबंध में शुक्रवार को बेंगलुरु की 'केआईएएल' हवाई अड्डा पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस और विमानन अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-6423 को 16 जुलाई की रात 8:00 बजे बेंगलुरु से अहमदाबाद के लिए रवाना होना था। विमान के निर्धारित प्रस्थान से ठीक 25 मिनट पहले, यानी शाम करीब 7:35 बजे, चालक दल (क्रू मेंबर्स) के एक सदस्य को विमान के अगले हिस्से में स्थित शौचालय (टॉयलेट) से एक पर्चा मिला। इस पर्चे पर हाथ से लिखा था, ‘‘डोन्ट गो। बम है, प्लीज।’’ (मत जाओ, बम है, कृपया)।

इसे भी पढ़ें: केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah का तीन दिवसीय West Bengal दौरा! सीमा सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और विकास परियोजनाओं पर रहेगा मुख्य फोकस

पर्चा मिलने के बाद विमानन सुरक्षा से संबंधित मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के तहत तत्काल कार्रवाई की गई और विमान की गहन तलाशी ली गई। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इंडिगो ने ‘केआईएएल’ हवाई अड्डा पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा कि इस धमकी के कारण उड़ान संचालन बाधित हुआ तथा यात्रियों, चालक दल और एयरलाइन की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हुई।

इसे भी पढ़ें: हिंगोली में गोलीबारी में युवक की मौत, शिवसेना पार्षद समेत 16 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

 

एयरलाइन ने शिकायत में अनुरोध किया कि मामले की विस्तृत जांच कर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए और उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके मकसद का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़