मैं गरीब हूँ के पोस्टर लगाने से कोई गरीब नहीं हो जाता, यह उप चुनाव धर्म युद्ध है- जीतू पटवारी

Jeetu Patwari
दिनेश शुक्ल । Oct 15 2020 11:41PM

पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि इस उप चुनाव में जनता कृष्ण की भूमिका में है, कांग्रेस पांडव और धनबल/सत्ता के मद में चूर भाजपा कौरवों की तरह ही है जो दुर्योधन के नेतृत्व में अधर्म के साथ खड़ा है। जीतू पटवारी ने कहा कि यह उप चुनाव आने वाली पीढ़ियों के लिए धर्म और न्याय का रास्ता दिखलाने वाला होगा।

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया अध्यक्ष, पूर्व मंत्री और कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में होने वाले उप चुनाव को धर्म युद्ध बताया है। उन्होंने कहा है कि यह उप चुनाव, महाभारत युद्ध सा ही है। यह चुनाव कांग्रेस और भाजपा से भी आगे लोकतंत्र की रक्षा का यज्ञ है। जीतू पटवारी ने कहा कि जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी ने धनबल से लोकतंत्र व जनता के वोट का उनकी इच्छा के विरूद्ध जनमत का चीरहरण किया है, जनता इसका बदला जरूर लेगी। 

इसे भी पढ़ें: उज्जैन में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत, कांग्रेस ने लगाए शिवराज सरकार पर आरोप

पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि इस उप चुनाव में जनता कृष्ण की भूमिका में है, कांग्रेस पांडव और धनबल/सत्ता के मद में चूर भाजपा कौरवों की तरह ही है जो दुर्योधन के नेतृत्व में अधर्म के साथ खड़ा है। जीतू पटवारी ने कहा कि यह उप चुनाव आने वाली पीढ़ियों के लिए धर्म और न्याय का रास्ता दिखलाने वाला होगा। जिस तरह महाभारत के युद्ध क्षेत्र में भगवान श्री कृष्ण ने उपदेश देकर यह बताया कि न्याय और धर्म क्या है, जो हमारी पीढ़ी दर पीढ़ी के लिए उपदेश है। आज हमारे सामने वही खड़े है जो हमारे सगे संबंधी थे, हमारी पार्टी में थे। लेकिन यह धर्म युद्ध है, यहाँ वीरों की तरह एक योद्धा बनकर यह चुनाव रूपी धर्म युद्ध लड़ना पड़ेगा। जीतू पटवारी ने हूंकार भरते हुए कहा कि कृष्ण की पुकार है और ये भागवत का सार है कि युद्ध ही तो वीर का प्रमाण है, कौरवों की भीड़ हो या पाँडवों का नीड़ हो जो लड़ सका वही तो महान है। 

इसे भी पढ़ें: भूखा-नंगा कहकर कांग्रेस ने किया गरीबों, किसानों का अपमान

जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा कितने ही प्रपंच क्यों न कर ले यह उप चुनाव कांग्रेस और भाजपा का नहीं जनता का चुनाव है जिसके मत के साथ छल से, धन बल से और गद्दारी कर विश्वासघात किया गया है। 03 नवम्बर जनता द्वारा डाला जाने वाला एक-एक वोट यह प्रमाणित करेगा कि इस धर्म युद्ध में जनता भगवान कृष्ण की तरह धर्म और न्याय के साथ है। हमारी 15 महिने की सरकार का काम और 15 साल सत्ता में रहने के बाद आज भी झूठे नारियल फोड़ने वाले उन नेताओं को जनता का जबाब होगा जिसके साथ विश्वासघात हुआ है। मैं गरीब हूँ यह कहने से कोई गरीब नहीं हो जाता, यह तो आपके फार्म हाउस, विदेशी नस्ल की गायों से बनी डेयरी, फूल की दुकाने जो बंद हो चुकी है और आपकी शान औ शौकत यह बता रही है कि आप कितने गरीब है। आपने ही विधानसभा-2018 चुनाव में नामांकन के दौरान दिए गए शपथपत्र में सपत्नीक कुल 10 करोड़ 45 लाख 81हज़ार 1140 रुपए की कुल संपत्ति दर्शायी थी। क्या करोड़पति गरीब होता है। भगवान प्रदेश के हर व्यक्ति को ऐसा ही गरीब बना दे मैं ईश्वर से यही प्रार्थना करता हूँ।   

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़