उत्तर भारतीय काम करना बंद कर दे तो मुंबई ठहर जाएगी: संजय निरूपम

if-north-india-stops-working-mumbai-will-stop-sanjay-nirupam
[email protected] । Oct 8 2018 1:57PM

रविवार की रात यहां उत्तर भारतीयों के एक कार्यक्रम में निरूपम ने कहा, ‘‘उत्तर भारतीय समुदाय मुंबई के लोगों की जिंदगी चलाता है और उनके कंधे का बोझ ढोता है।’’

 नागपुर। कांग्रेस नेता संजय निरूपम ने कहा है कि यदि मुंबई में उत्तर भारतीय समुदाय काम करना बंद कर दे तो पूरा शहर ठहर जाएगा और लोगों को खाना भी नसीब नहीं होगा। कांग्रेस की मुंबई इकाई के अध्यक्ष निरूपम ने किसी व्यक्ति या राजनीतिक पार्टी का नाम लिए बिना कहा कि उत्तर भारतीय समुदाय को ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर भारतीय समुदाय ने मुंबई और महाराष्ट्र के प्रति हमेशा आभार प्रकट किया है। 

रविवार की रात यहां उत्तर भारतीयों के एक कार्यक्रम में निरूपम ने कहा, ‘‘उत्तर भारतीय समुदाय मुंबई के लोगों की जिंदगी चलाता है और उनके कंधे का बोझ ढोता है।’’ भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। निरूपम ने कहा कि उत्तर भारतीय समुदाय के लोग मुंबई शहर के लोगों को दूध, अखबार और सब्जियां मुहैया कराते हैं और ऑटोरिक्शा एवं टैक्सी सेवाएं भी देते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यदि (उत्तर भारतीय) समुदाय एक दिन काम करना बंद कर दे तो मुंबई में जिंदगी ठहर जाएगी। किसी को रोटी, सब्जी, दूध, ऑटो, टैक्सी, ट्रक और टेम्पो नहीं मिलेंगे।’’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘कभी-कभी ऐसा होता है, लेकिन यह नहीं किया जाना चाहिए। (समुदाय को) ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर नहीं करना चाहिए।’’ 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़