उपराष्ट्रपति नायडू ने आपातकाल को बताया अवैध, कहा- कोरोना से बचने के लिए लोगों का घरों में कैद होना वैध था

venkaiah naidu

उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा कि ये बंदी तो आज से 45 वर्ष पूर्व देश को तथाकथित आंतरिक विरोध से बचाने के नाम पर लगाई गई बंदी के मुकाबले कहीं अधिक वैध और औचित्यपूर्ण है।

नयी दिल्ली। उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने बृहस्पतिवार को आपातकाल के 45 साल पूरे होने के मौके पर लॉकडाउन का हवाला देते हुए कहा कि खुद को कोरोना वायरस से बचाने के लिए लोगों का घरों में कैद होना वैध था, लेकिन 1975 में लगा आपातकाल अवैध था क्योंकि उस समय लोगों को उनके सभी मौलिक अधिकारों से वंचित कर दिया गया था। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘आज से ठीक तीन माह पूर्व हमने खुद ही स्वयं को कोरोना वायरस से बचाने के लिए घरों में कैद कर लिया था। अपने बचाव के लिए मास्क लगाने और सामाजिक दूरी रखने को तैयार हो गए। इस छोटी सी ही अवधि में ही हमें अनुभव हो गया कि बंदी क्या होती है।’’ 

इसे भी पढ़ें: लोकतंत्र की हत्या करने वाले आज सरकार पर सवाल उठा रहे हैं: जावड़ेकर 

नायडू ने कहा, ‘‘ ये बंदी तो आज से 45 वर्ष पूर्व देश को तथाकथित आंतरिक विरोध से बचाने के नाम पर लगाई गई बंदी के मुकाबले कहीं अधिक वैध और औचित्यपूर्ण है। 21 महीने लंबी उस गैर कानूनी बंदी के दौरान नागरिकों को जीवन के अधिकार सहित उनके मूलभूत अधिकारों से वंचित कर दिया गया था। लाखों राजनेता, राजनैतिक कार्यकर्ता और नागरिकों को जेलों में भर दिया गया था। वह आपातकाल की काली अवधि थी।’’ 

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस का लोकतंत्र पर बात करना क्षोभपूर्ण: निर्मला सीतारमण 

उन्होंने कहा, ‘‘ वर्तमान में कोरोना महामारी ने वैध और स्वैच्छिक प्रतिबंधों के माध्यम से बंदी लगाई है,इसने बुनियादी स्वतंत्रता के महत्व को दोहराया है। निस्संदेह हम जल्द ही फिर से सामान्य जीवन जीयेंगे। आज जब हम वर्तमान बंदी से निपट रहे हैं, मैंने 1975 के आपातकाल के अनुभव को याद किया।’’ उप राष्ट्रपति ने कहा कि संविधान द्वारा सुनिश्चित की गई स्वतंत्रता, जीवन की गरिमा की आधारशिला है। आइए हम जीवन की गरिमा की रक्षा करें।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़