लोकसभा में उठा आंध्र को विशेष पैकेज देने का मुद्दा

लोकसभा में आज तेलगूदेशम पार्टी के एक सदस्य ने आंध्र प्रदेश के लिए घोषित विशेष पैकेज पर केंद्र से अपनी प्रतिबद्धता पूरी करने की मांग की।

लोकसभा में आज तेलगूदेशम पार्टी के एक सदस्य ने आंध्र प्रदेश के लिए घोषित विशेष पैकेज पर केंद्र से अपनी प्रतिबद्धता पूरी करने की मांग की। शून्यकाल के दौरान तेलगूदेशम पार्टी के राममोहन नायडू ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गत सात सितंबर को आंध्र प्रदेश के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा की थी लेकिन लगभग ढाई महीने बाद भी इस दिशा में कोई प्रगति नहीं दिखाई दे रही।

उन्होंने केंद्र से इस संबंध में अपनी प्रतिबद्धता पर पूरी तरह अमल करने की मांग की। नायडू ने आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक पैकेज की घोषणा को लेकर कोई स्पष्टता नहीं और अब भी भ्रम बना हुआ है। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने नोटबंदी के मुद्दे पर मतविभाजन के नियम के तहत चर्चा कराने की मांग कर रहे विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच शून्यकाल की कार्यवाही संचालित की।

शून्यकाल में ही जदयू के कौशलेंद्र कुमार ने बिहार में धान किसानों को सही लागत नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। वाईएसआर कांग्रेस की के. गीता ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा क्षेत्र में सुविधाओं की कमी और डॉक्टरों के अभाव का मुद्दा उठाया।

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


Tags

    अन्य न्यूज़