'विकसित भारत बनाना मेरा प्रण', Jaunpur में बोले PM Modi, खतरनाक है सपा-कांग्रेस का खेल

PM Modi
X @ BJP
अंकित सिंह । May 16 2024 1:55PM

मोदी ने कहा कि पहले लोग विकास की बातें करते थे, तो चर्चा कभी दिल्ली की होती थी तो कभी मुंबई की होती थी। लेकिन आज देश और दुनिया काशी की भी चर्चा करती है और अयोध्या की भी चर्चा करती है।

उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं। इसी कड़ी में जौनपुर में उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित किया। मोदी ने कहा कि आपका ये प्यार, ये स्नेह दिखाता है कि यूपी में इंडी गठबंधन वालों के लिए एक सीट भी ​जीतना मुश्किल कर दिया है आप लोगों ने। 4 जून को जौनपुर में इतनी इमरती बंटेंगी कि सारे रिकॉर्ड टूट जाएंगे। उन्होंने कहा कि ये चुनाव, देश का प्रधानमंत्री चुनने का अवसर है। ऐसा प्रधानमंत्री जो एक दमदार सरकार चलाएं। जिस पर दुनिया रौब न जमा सके, लेकिन वो भारत के दम-खम से दुनिया को परिचित करवाए।

इसे भी पढ़ें: 'तुष्टिकरण के दलदल में पूरी तरह धंस चुका है इंडी गठबंधन', PM Modi बोले, सपा-कांग्रेस दो दुकान, झूठ और तुष्टिकरण का सामान बेचते हैं

मोदी ने कहा कि पहले लोग विकास की बातें करते थे, तो चर्चा कभी दिल्ली की होती थी तो कभी मुंबई की होती थी। लेकिन आज देश और दुनिया काशी की भी चर्चा करती है और अयोध्या की भी चर्चा करती है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत बनाना मेरा प्रण है और विकसित भारत का ग्रोथ इंजन पूर्वांचल होगा, पूर्वी भारत होगा। ये पूरा क्षेत्र हेल्थ और एजुकेशन का मजबूत हब बन रहा है। आने वाले पांच वर्षों में मोदी-योगी पूर्वांचल की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि इस चुनाव में देश के सामने दो मॉडल हैं- एक तरफ NDA का संतुष्टिकरण मॉडल है और दूसरी तरफ सपा-कांग्रेस का तुष्टिकरण मॉडल है। उन्होंन कहा कि एक तरफ मोदी संतुष्टिकरण से सामाजिक न्याय देने में जुटा है, तो वहीं सपा-कांग्रेस का इंडी गठबंधन तुष्टिकरण के गर्त में गिरता चला जा रहा है, वोट बैंक की राजनीति से ऊपर नहीं उठता है। कभी छिपकर तो कभी खुलेआम हिंदू-मुसलमान कर रहा हैं। 70 वर्षों से यही खेल करते रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: Interview: यूथ कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास ने कहा- संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में पूरा देश इंडिया गठबंधन का साथ दे रहा है

मोदी ने कहा कि 500 वर्षों के इंतजार के बाद देश को राम मंदिर मिला। देश खुश है, लेकिन परिवारवादी गालियां दे रहे हैं। सपा के शहजादे के चाचा राम मंदिर को बेकार बता रहे हैं। सपा के शहजादे काशी का मजाक उड़ाते हैं। उन्होंने दावा किया कि ये सपा-कांग्रेस का खेल खतरनाक है। ये यहां आपसे वोट मांग रहे हैं और दक्षिण में जाकर उत्तर प्रदेश के लोगों को अपमानित करते हैं, गालियां देते हैं, अनाप-शनाप बोलते हैं। जब दक्षिण में इनके साथी यूपी के लोगों को गालियां देते हैं, तो सपा-कांग्रेस वाले अपने कान में रूई डाल लेते हैं। क्या यूपी के लोगों को गाली देने वाले इंडी गठबंधन को आप माफ कर देंगे?

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़