Interview: यूथ कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास ने कहा- संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में पूरा देश इंडिया गठबंधन का साथ दे रहा है

BV Srinivas
Prabhasakshi

भाजपा के लोग चाहे जो कुछ भी कहें, अमेठी और रायबरेली से कांग्रेस का पारिवारिक रिश्ता रहा है। इतिहास गवाह है, इस क्षेत्र की जनता ने हमेशा कांग्रेस को अपना आशीर्वाद दिया है। इस चुनाव में भी यहां की जनता राहुल गांधी जी और किशोरी लाल शर्मा जी को निश्चित रूप से आशीर्वाद देने जा रही है।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. इन दिनों रायबरेली और अमेठी में सघन चुनाव प्रचार कर रहे हैं। गौरतलब है कि रायबरेली से कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं तो दूसरी ओर अमेठी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने गांधी परिवार के साथ दशकों से जुड़े हुए केएल शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है।

श्रीनिवास इस बात का पूरा प्रयास कर रहे हैं कि रायबरेली और अमेठी तो कांग्रेस के पास आएं ही साथ ही आसपास की संसदीय सीटों पर भी कांग्रेस जीत हासिल करे।

इसे भी पढ़ें: Interview: हाल की घटनाओं को पर्यावरण का बदलना न समझे, उसे कुदरत के रौद्र रूप में महसूस करें- जलपुरुष राजेंद्र सिंह

हम आपको बता दें कि युवाओं की भीड़ से सदा घिरे रहने वाले श्रीनिवास दिन भर प्रचार के अलावा वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए भी रणनीति बनाकर काम करते हैं। कांग्रेस का न्याय पत्र देश भर के युवाओं तक पहुंच सके, इसके लिए वह देश भर के अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संपर्क साध कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश भी देते रहते हैं। देश के प्रमुख हिन्दी समाचार पोर्टल प्रभासाक्षी की चुनाव यात्रा जब रायबरेली संसदीय क्षेत्र पहुंची तो संपादक नीरज कुमार दुबे ने यूथ कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास जी के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रस्तुत है विस्तृत साक्षात्कार।

प्रश्न-1. भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस ने इस समय अपना पूरा जोर उत्तर प्रदेश के रायबरेली और अमेठी में लगाया हुआ है। भाजपा का दावा है कि इस क्षेत्र की जनता अब गांधी परिवार के साथ नहीं है लेकिन चूंकि आप स्वयं यहां डेरा डाल कर चुनाव प्रचार कर रहे हैं इसलिए हम आपसे जानना चाहते हैं कि इन क्षेत्रों की वास्तविक राजनीतिक हकीकत क्या है?

उत्तर – भाजपा के लोग चाहे जो कुछ भी कहें, अमेठी और रायबरेली से कांग्रेस का पारिवारिक रिश्ता रहा है। इतिहास गवाह है, इस क्षेत्र की जनता ने हमेशा कांग्रेस को अपना आशीर्वाद दिया है। इस चुनाव में भी यहां की जनता राहुल गांधी जी और किशोरी लाल शर्मा जी को निश्चित रूप से आशीर्वाद देने जा रही है। मैं हर दिन सैकड़ों लोगों से मिल रहा हूं। यदि बाकी बातें छोड़ भी दें तो पिछले एक-दो वर्षों में जिस तरह से राहुल गांधी जी को परेशान करने की कोशिश की गई, उनकी संसद सदस्यता रद्द की गई, उनका घर छीना गया, वे सब यहां की जनता को याद है। इस चुनाव में अमेठी और रायबरेली का परिवार भाजपा के हर अत्याचार का सूद समेत बदला लेने जा रहा है।

प्रश्न-2. चार चरणों का मतदान संपन्न हो चुका है। इंडिया गठबंधन और कांग्रेस की आप क्या स्थिति देख पा रहे हैं?

उत्तर – देश के लोग भाजपा के 10 साल के अन्याय-काल से त्रस्त हैं। इस चुनाव में उनके पास कोई ठोस एजेंडा नहीं है। वह वही पुरानी नफ़रत फ़ैलाने वाली राजनीति कर रहे हैं। दूसरी तरफ़ हमारे पास देश को आगे ले जाने का ठोस एजेंडा है - 5 न्याय और 25 गारंटियां भाजपा के कुशासन के कारण उत्पन्न हुए निराशा के माहौल में उम्मीद की किरण जैसी हैं। हमने अपनी गारंटीयों को लोगों तक पहुंचाने की भी पूरी कोशिश की है। हमें बहुत सकारात्मक रिस्पांस मिला है। अब तक हुए सभी चरण में हम बेहतर स्थिति में हैं। यह बिल्कुल स्पष्ट है कि भाजपा दक्षिण में साफ़ और उत्तर में हाफ होने जा रही है। इंडिया गठबंधन पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहा है। 

प्रश्न-3. आप लोगों ने इस बार का चुनाव मुख्य रूप से लोकतंत्र और संविधान बचाने के नाम पर लड़ा, आपको क्यों लगा कि भाजपा यदि दोबारा आई तो संविधान सुरक्षित नहीं रहेगा?

उत्तर – ऐसा हमें लग नहीं रहा है, भाजपा के कई नेताओं ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि उन्हें 400 सीटें इसलिए चाहिए ताकि वे संविधान को बदल सकें। पिछले 10 सालों में उन्होंने संविधान और लोकतंत्र को कमज़ोर करने के लिए कई काम भी किए हैं। वन अधिकार कानून को कमज़ोर किया, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम को कमज़ोर किया, अगर गिनाना शुरू करूंगा तो यह फ़ेहरिस्त बहुत लंबी हो जाएगी। ऐसे में यह स्पष्ट है कि यदि इस बार वे चुनाव जीते तो उनका मकसद संविधान और लोकतंत्र को ख़त्म करना होगा।

 

प्रश्न-4. कांग्रेस पार्टी के न्याय पत्र को जनता की कैसी देशव्यापी प्रतिक्रिया मिली है?

उत्तर – हमारा न्याय पत्र एक बेहद ही क्रांतिकारी डॉक्यूमेंट है। इसमें हर वर्ग की बेहतरी के लिए प्लान्स है। इसमें कोई हवा हवाई बातें नहीं है। भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान मिले सुझावों एवं मेनिफेस्टो कमेटी के पास विभिन्न चैनल से आए इनपुट के आधार पर हमने अपना न्याय पत्र तैयार किया है। यही कारण है कि लोगों के बीच हमारे न्याय पत्र को ज़बरदस्त रिस्पांस मिला है। 


प्रश्न-5. चुनाव के समय कांग्रेस पार्टी के तमाम नेताओं का पार्टी छोड़ना क्या आप लोगों की चुनावी संभावनाओं को कमजोर नहीं कर रहा है?

उत्तर – चुनाव के समय लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकने के लिए भाजपा ने दूसरे दल के नेताओं को तोड़कर अपने दल में शामिल करने के लिए एक टीम बना रखी है। उनका काम ही यही है। हर दिन कोई ना कोई शामिल होता है और मीडिया सुनियोजित ढंग से दिनभर उस ख़बर को चलाता है। लेकिन इससे हमें कोई फ़र्क पड़ने वाला नहीं है। जनता भाजपा की असलियत समझ चुकी है, अब भटकने वाली नहीं है।

प्रश्न-6. भाजपा के संकल्प पत्र और कांग्रेस के न्याय पत्र में किये गये वादों का मूल अंतर क्या है? हम यह जानना चाहते हैं कि आपका न्याय पत्र भाजपा के संकल्प पत्र से कैसे बेहतर है?

उत्तर – हमारे न्याय पत्र में ठोस वादे हैं। उनके घोषणापत्र में हवा हवाई बातें हैं। हमने युवाओं को नौकरी देने से लेकर किसानों के लिए MSP और श्रमिकों को 400 रुपए न्यूनतम मजदूरी देने तक का वादा किया है। सबके लिए 25 लाख तक का मुफ़्त इलाज़ से लेकर महिलाओं को हर साल 1 लाख रुपया देने की गारंटी दी है। भाजपा के घोषणा पत्र में ऐसा कुछ भी नहीं है। 

 

प्रश्न-7. आजकल आप लोगों ने ईवीएम को निशाना बनाना बंद कर दिया है, ऐसा क्यों?

उत्तर – हमने कभी भी EVM के संबंध में अपने से कुछ भी नहीं बोला है, जो बातें दिन प्रतिदिन हो रही होती हैं उसके अनुसार ही हमने अपनी बात रखी है, EVM के विषय में हमारी पार्टी ने विस्तार रूप से मीडिया और देश के समक्ष अपना पक्ष रखा है, हम कभी किसी भी विषय पर जबरन आरोप प्रत्यारोप की बातें नहीं करते हैं।

प्रश्न-8. प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने अडाणी-अंबानी से समझौता कर लिया है, इस पर आपका क्या कहना है?

उत्तर – प्रधानमंत्री का यह बयान उनकी हताशा को दिखाता है। यह बिल्कुल हास्यास्पद है। हमारे समझौते का तो कोई सवाल ही पैदा नहीं होता लेकिन प्रधानमंत्री ने काले धन को लेकर जो आरोप लगाए हैं उसकी जांच उन्हें ज़रूर करवानी चाहिए। 

प्रश्न-9. आपके अनुसार ऐसी कौन-सी बातें हैं जो इस चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के खिलाफ जा रही हैं?

उत्तर –  वे समाज को ध्रुवीकृत करके चुनाव लड़ना चाह रहे हैं। लेकिन लोग अब देश को बाटने की राजनीति से बोर हो चुके हैं। भाजपा के पास देश को आगे ले जाने का कोई ठोस प्लान नहीं है। वे वही घिसी पिटी बातें कर रहे हैं। लोग अब उनकी बातों से ऊब चुके हैं। ऊपर से यह बात भी समाज के हर स्तर के लोगों तक पहुंच चुकी है कि भाजपा 400 सीटें संविधान को बदलने के लिए मांग रही है।

प्रश्न-10. क्या इंडिया गठबंधन जीतता है तो राहुल गांधी ही प्रधानमंत्री बनेंगे?

उत्तर – इसका फ़ैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा, हमारी प्राथमिकता हमारे नेता श्री राहुल गांधी जी के निर्देशानुसार देश को बचाना है और उसके लिए हम दिन रात लगे हुए हैं।

- नीरज कुमार दुबे

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़