Jharkhand में मंत्री Sudivya Kumar के निधन पर 2 दिन का राजकीय शोक घोषित

झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार के असामयिक निधन के बाद राज्य सरकार ने छह और सात सितंबर को दो दिवसीय राजकीय शोक का एलान किया है। इस दौरान सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और सात सितंबर को सभी सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। गिरिडीह के अस्पताल में रविवार तड़के हृदयाघात के चलते 56 वर्षीय झामुमो नेता का निधन हुआ था।
रांची, छह सितंबर झारखंड सरकार ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता और मंत्री सुदिव्य कुमार के सम्मान में दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। कुमार का रविवार तड़के निधन हो गया। अधिकारियों ने बताया कि इस अवधि के दौरान राज्य सरकार के सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, सात सितंबर को झारखंड सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे। अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘राज्य सरकार ने मंत्री सुदिव्य कुमार के आज सुबह निधन के बाद छह और सात सितंबर को दो दिन का राजकीय शोक मनाने का फैसला किया है।’’ बयान में कहा गया कि झारखंड में जिन सरकारी भवनों पर नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, वहां राजकीय शोक के दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार का रविवार तड़के हृदयाघात से निधन हो गया।
उन्होंने बताया कि 56 वर्षीय कुमार को देर रात करीब ढाई बजे उनके गृह नगर गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने सुबह करीब चार बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी सहयोगी रहे कुमार ने झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार के सामने आए कई राजनीतिक संकटों से निपटने में अहम भूमिका निभाई थी।
इनमें पिछले महीने रांची में हुए छात्रों के विरोध प्रदर्शन का मामला भी शामिल था।
अन्य न्यूज़













