Junior Asia Cup में भारतीय महिला हॉकी टीम का दबदबा, Malaysia को 11-1 से हराया

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

चीन के मोकी में खेले जा रहे जूनियर एशिया कप के एलीट पूल मैच में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 11-1 से मात दी। इस मुकाबले में भारत की तरफ से सात अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल दागे। दो मैचों में लगातार दूसरी जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम छह अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।

मोकी (चीन), छह सितंबर भारतीय महिला टीम ने रविवार को यहां एएचएफ जूनियर एशिया कप के एलीट पूल मुकाबले में मलेशिया को 11-1 से करारी शिकस्त देकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर जीत के साथ अभियान शुरू करने वाली भारतीय टीम की ओर से मलेशिया के खिलाफ सात अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए। भारत ने चार गोल मैदानी खेल से, पांच पेनल्टी कॉर्नर और दो पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए किए।

पूजा साहू ने पहले ही मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर भारत का खाता खोला। चौथे मिनट में पूर्णिमा यादव ने गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी। गत चैंपियन भारत ने अपना दबदबा कायम रखते हुए आठवें मिनट में बिनिमा धन ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जबकि 14वें मिनट में कृष्णा शर्मा ने एक और गोल कर दिया।

पूर्णिमा ने दूसरे क्वार्टर में 17वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर अपना दूसरा गोल किया। इसके बाद हाफटाइम से पहले दो और गोल हुए। सुखवीर कौर ने 21वें मिनट और गीता यादव ने 28वें मिनट में गोल किया, जिससे भारत मध्यांतर तक 7-0 से आगे था।

मलेशिया ने 38वें मिनट में नूर मोहम्मद के गोल से खाता खोला, लेकिन इसके बावजूद मुकाबले पर भारत का दबदबा बरकरार रहा। मैच के 42वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिलने के बाद पूजा ने अपना दूसरा गोल पूरा किया। इसके एक मिनट बाद सानिका चंद्रकांत माने ने गोल कर भारत की बढ़त 9-1 कर दी।

गीता ने 53वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जबकि सानिका ने 58वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर भारत को 11-1 की विशाल जीत दिला दी। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों में दो जीत दर्ज कर छह अंक हासिल किए और एलीट पूल की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया। चीन और जापान तीन-तीन अंकों के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

दोनों ने एक-एक मैच खेलकर जीत दर्ज की है और गोल अंतर के आधार पर चीन आगे है। दक्षिण कोरिया और मलेशिया दो-दो हार के बाद क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर हैं। भारत अब पूल चरण के अपने तीसरे मुकाबले में आठ सितंबर को जापान का सामना करेगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़