कार्यकारिणी की बैठक में बोले नड्डा, मोदी सरकार आने पर हरियाणा भ्रष्टाचारी प्रदेश से प्रगतिशील प्रदेश बनने की ओर बढ़ा

JP Nadda
अभिनय आकाश । Jun 24 2021 6:40PM

जेपी नड्डा ने कहा कि 30 मई को मोदी सरकार के 7 वर्ष पूरे होने पर हरियाणा भाजपा इकाई ने 6 लाख मास्क और सेनिटाइजर, 21,000 राशन किट, 47,000 केयर किट, 1.88 लाख थर्मल स्कैनर बांटे और 600 स्थानों पर स्वच्छता कार्यक्रम चलाया।

हरियाणा भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि एक समय हरियाणा भ्रष्टाचार प्रदेश था। 2014 में मोदी सरकार आई और हरियाणा में सरकार स्थापित हुई। जिसके बाद हरियाणा भ्रष्टाचारी प्रदेश से प्रगतिशील प्रदेश बनने की ओर बढ़ा। आज 7 साल हो गए कोई घोटाला नहीं हुआ है। आर्थिक और सामाजिक दृष्टि निचले पायदान पर जो लोग थे, मेरा परिवार मेरी पहचान योजना के तहत उनका सशक्तिकरण करने का काम किया गया। इस योजना को एक सफल आयाम तक पहुंचाने का काम हरियाणा की सरकार ने किया है। जेपी नड्डा ने कहा कि एक समय था जब पंचायत में मुखिया किसी योजना के फॉर्म देने के लिए भी पैसे कमाता था। हरियाणा में भ्रष्टाचार की ये सीमा थी। आज 551 योजनाओं की जानकारी और उनके फॉर्म राज्य के सरल केंद्रों पर उपलब्ध हैं। ये साधारण आदमी को भ्रष्टाचार से आजाद करने का प्रयास है।

इसे भी पढ़ें: दिग्विजय ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को दी नसीहत, कहा- अब आपका कद बढ़ चुका है तो सोच समझ कर बोलें

जेपी नड्डा ने कहा कि 30 मई को मोदी सरकार के 7 वर्ष पूरे होने पर हरियाणा भाजपा इकाई ने 6 लाख मास्क और सेनिटाइजर, 21,000 राशन किट, 47,000 केयर किट, 1.88 लाख थर्मल स्कैनर बांटे और 600 स्थानों पर स्वच्छता कार्यक्रम चलाया। पिछले 1.5 साल से सारे राजनीतिक दल लॉकडाउन में चले गए हैं, सारे राजनीतिक दल क्वारंटाइन हो गए हैं। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं ने सेवा ही संगठन को चरितार्थ किया है।

इसे भी पढ़ें: 3 साल बाद हो रही है मध्यप्रदेश बीजेपी की कार्यसमिति की बैठक, यह रहेंगें मुद्दे

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को 5 किलो गेहूं या चावल और 1 किलो दाल मिलेगी, इससे गरीब का चूल्हा चलेगा, उसे रोटी मिलेगी। ये व्यवस्था पिछले वर्ष भी की गई थी और इस वर्ष भी की गई है। नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान। अब तक देशभर में कुल 30 करोड़ से अधिक टीके लगाए गए हैं, जिनमें 9 करोड़ से अधिक टीके 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को लगाए गए हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़