Congress में सिर्फ गांधी परिवार मायने रखता है, आम लोग नहीं: Kangana Ranaut

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद कंगना रनौत ने शनिवार को विपक्षी दल कांग्रेस पर गांधी परिवार को प्राथमिकता देने और आम जनता के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। चैलचौक के अभिलाषी विश्वविद्यालय में संविधान संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं और डॉ. भीमराव आंबेडकर का अनादर किया है। उन्होंने यह भी दोहराया कि भाजपा महिला आरक्षण विधेयक को जरूर लागू करेगी।

हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्य कंगना रनौत ने गांधी परिवार पर शनिवार को तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी के लिए प्रियंका गांधी और राहुल गांधी मायने रखते हैं, जबकि आम नागरिकों के अधिकारों को अनदेखा कर दिया जाता है। रनौत ने चैलचौक स्थित अभिलाषी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘संविधान संवाद’ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत में कांग्रेस के ‘संविधान बचाओ’ आंदोलन की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी ने विशेषकर महिलाओं के अधिकारों सहित संविधान और डॉ. भीमराव आंबेडकर का अनादर किया है।

रनौत ने कहा कि भाजपा का संकल्प स्पष्ट है, महिलाओं के अधिकारों में देरी नहीं की जा सकती, और देश में महिला आरक्षण विधेयक निश्चित रूप से लागू किया जाएगा। सांसद ने कार्यक्रम के दौरान संविधान की गरिमा, इसके मूल आदर्शों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने युवाओं को ‘विकसित भारत’ के निर्माण में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

रनौत ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने न केवल संविधान निर्माता आंबेडकर को सामाजिक भेदभाव का शिकार बनाया, बल्कि उनके योगदान को कमतर करने और 1950 में लाए गए ‘हिंदू संहिता अधिनियम’ से महिलाओं के अधिकारों के लिए आधार तैयार किये जाने के बावजूद उसकी प्रगति में बाधा डालने का काम किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़