Kannauj JNV में घटिया भोजन पर छात्रों का विरोध, DM के आश्वासन पर माना हंगामा

उत्तर प्रदेश के कन्नौज स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में खराब भोजन मिलने से नाराज कक्षा 10, 11 और 12 के छात्रों ने बृहस्पतिवार को हॉस्टल के कमरों में खुद को बंद कर विरोध जताया। मामले की जानकारी मिलते ही जिला मजिस्ट्रेट आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया। प्रशासन द्वारा नियमित संवाद और मेस के औचक निरीक्षण के आश्वासन के बाद छात्रों ने कैंटीन में भोजन किया।
यहां स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रों ने भोजन की खराब गुणवत्ता के विरोध में बृहस्पतिवार को खुद को अपने छात्रावास के कमरों में बंद कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। घटिया भोजन परोसे जाने से नाराज ये छात्र कक्षा 10, 11, 12 के बताये गये हैं।
छात्रों ने विरोध स्वरूप कल शाम से घटिया भोजन को लेकर भोजन का बहिष्कार किया। उनका आरोप है कि मेस में लंबे समय से घटिया भोजन परोसा जा रहा है। छात्रों का कहना है कि जब भी प्राचार्य और जिम्मेदार लोगों से इसकी शिकायत की गई तो उनकी बात को गंभीरता से ना लेकर नजरअंदाज कर दिया गया।
इसी बात से दुखी छात्रों ने मोर्चा खोलने का निर्णय लिया और कहा कि बर्दाश्त की सीमा खत्म हो गई है और अब वे आर-पार की लडाई लड़ेंगें। कन्नौज के जिला मजिस्ट्रेट आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बृहस्पतिवार देर शाम विद्यालय का दौरा किया और छात्रों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की चिंता सुनी गई और उन्हें आश्वासन दिया गया है कि प्रशासन उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि इसके बाद विद्यार्थियों ने कैंटीन में भोजन लिया। प्राचार्य के संबंध में अग्निहोत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी और जरूरत पड़ने पर आगे कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव के कार्यालय ने इन विद्यार्थियों से नियमित संवाद बनाए रखने और बातचीत के जरिए उनकी चिंताएं दूर करने के निर्देश जारी किए हैं।
कैंटीन में परोसे जा रहे खाने की गुणवत्ता देखने के लिए औचक निरीक्षण किया जाएगा।
अन्य न्यूज़













