Local Terrorists का सफाया होने के बाद Pakistan ने चली नई चाल, 35 आतंकियों को Kashmir भेजने की फिराक में

आंकड़े इस बदलाव की पूरी कहानी बयां करते हैं। वर्ष 2018 में 196 स्थानीय युवा आतंकवादी संगठनों में शामिल हुए थे। 2021 में यह संख्या 146, 2022 में 121 और 2023 में घटकर महज 19 रह गई। वर्ष 2024 में केवल चार और 2025 में सिर्फ एक स्थानीय युवक आतंकवाद के रास्ते पर गया।
कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई एक ऐसे निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है, जिसकी कल्पना पाकिस्तान ने कभी नहीं की होगी। करीब 37 वर्षों में पहली बार घाटी में पाकिस्तान के इशारे पर बंदूक उठाने वाला कोई स्थानीय आतंकवादी शेष नहीं बचा है। आतंकवाद की उस नर्सरी को करारा झटका लगा है, जिसे पाकिस्तान ने दशकों तक कश्मीर की जमीन पर खूनखराबे और अलगाववाद की खाद-पानी से सींचने की कोशिश की। लतीफ भट के मारे जाने के साथ ही घाटी में सक्रिय आखिरी स्थानीय आतंकवादी का भी अंत हो गया। देखा जाये तो यह पाकिस्तान की उस साजिश के लिए बड़ा झटका है, जिसके दम पर वह कश्मीर को अशांत रखने का सपना देखता रहा है।
आंकड़े इस बदलाव की पूरी कहानी बयां करते हैं। वर्ष 2018 में 196 स्थानीय युवा आतंकवादी संगठनों में शामिल हुए थे। 2021 में यह संख्या 146, 2022 में 121 और 2023 में घटकर महज 19 रह गई। वर्ष 2024 में केवल चार और 2025 में सिर्फ एक स्थानीय युवक आतंकवाद के रास्ते पर गया। मौजूदा वर्ष में यह आंकड़ा शून्य है। यानी जिस घाटी को पाकिस्तान ने आतंकवाद के लिए अपनी सबसे बड़ी जमीन बना रखा था, वहां अब उसे अपने ही मकसद के लिए स्थानीय युवाओं का साथ नहीं मिल रहा। पाकिस्तान की पूरी प्रॉक्सी वॉर रणनीति की सबसे बड़ी कमजोरी यही बन गई है।
इसे भी पढ़ें: Manoj Sinha ने Constitution Day पर संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का किया आह्वान
उधर, स्थानीय आतंकियों की भर्ती बंद होने से पाकिस्तान की बेचैनी बढ़ गई है। अब उसकी कोशिश नियंत्रण रेखा के पार से अपने पाकिस्तानी आतंकवादियों को कश्मीर में धकेलने की है। बर्फबारी के कारण पहाड़ी दर्रे बंद होने से पहले घुसपैठ की साजिश को अंजाम देने की तैयारी की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर पीर पंजाल के उत्तर में सक्रिय करीब 35 पाकिस्तानी आतंकवादी हैं। रिपोर्टों के मुताबिक लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों के आतंकियों को छोटे-छोटे समूहों में बांटकर लॉन्चपैड पर तैनात किया गया है। प्रत्येक समूह में दो से तीन आतंकवादी रखे जा रहे हैं, ताकि बड़ी संख्या में घुसपैठ की कोशिश करने के बजाय छोटे समूहों के जरिए भारतीय सुरक्षा घेरे को भेदने का प्रयास किया जा सके।
लेकिन पाकिस्तान को शायद यह अंदाजा नहीं है कि अब उसके सामने पहले वाला भारत नहीं है। ऑपरेशन सिंदूर ने सीमा पार बैठे आतंकवाद के आकाओं को साफ संदेश दे दिया है कि भारत आतंकवादी ठिकानों को केवल चेतावनी देकर छोड़ने वाला नहीं है। बहावलपुर में जैश के मरकज सुभान अल्लाह मुख्यालय समेत कई बड़े आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर भारत ने पाकिस्तान की उस सुरक्षित पनाहगाह की धारणा को तोड़ दिया था, जहां बैठकर भारत के खिलाफ हमलों की साजिशें रची जाती थीं। इसके बाद पाकिस्तान ने अपनी रणनीति बदली है, लेकिन आतंकवाद का रास्ता नहीं छोड़ा।
देखा जाये तो सर्दियों में जंगलों, प्राकृतिक गुफाओं और दुर्गम पहाड़ी इलाकों को आतंकवादी सुरक्षित ठिकाने के रूप में इस्तेमाल करते रहे हैं। इस बार भारतीय सुरक्षा बलों ने भी उनकी इस रणनीति का जवाब देने के लिए व्यापक तैयारी की है। दुर्गम और ऊंचाई वाले इलाकों में करीब 100 अस्थायी ऑपरेटिंग बेस यानी टेम्पररी ऑपरेटिंग बेस स्थापित किए गए हैं। इनका मकसद ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर नियंत्रण मजबूत करना, जंगलों में आतंकवादियों की आवाजाही रोकना और घुसपैठ के बाद उन्हें छिपने का मौका नहीं देना है। नियंत्रण रेखा पर संभावित बॉर्डर एक्शन टीम (BAT) हमले की आशंका को देखते हुए भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
इतना ही नहीं, पाकिस्तान में बैठकर कश्मीर में आतंकवाद को दोबारा जिंदा करने की कोशिश कर रहे पुराने आतंकियों के आर्थिक नेटवर्क पर भी प्रहार शुरू हो गया है। ऐसे आतंकवादियों की सूची तैयार की गई है, जो वर्षों पहले सीमा पार चले गए थे और अब पाकिस्तान से बैठकर घाटी में आतंक फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी भारत में मौजूद संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई का उद्देश्य आतंकवाद की फंडिंग के रास्तों को बंद करना है, ताकि वे अपनी जमीन और संपत्ति बेचकर आतंकवादी गतिविधियों के लिए धन न जुटा सकें।
बहरहाल, कश्मीर में स्थानीय आतंकियों की भर्ती का शून्य पर पहुंचना पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा रणनीतिक झटका है। अब उसे अपने नागरिकों को आतंकवादी बनाकर भारतीय सीमा में भेजने की नौबत आ गई है। जिस प्रॉक्सी वॉर को पाकिस्तान ने कश्मीर में भारत के खिलाफ अपनी सबसे बड़ी ताकत समझ रखा था, वही अब उसकी हताशा और बेबसी का प्रतीक बनती जा रही है। इसमें कोई दो राय नहीं कि घाटी में आतंकवाद का स्थानीय आधार टूटना पाकिस्तान के उस नापाक मंसूबे पर सीधा प्रहार है, जिसे वह तीन दशक से ज्यादा समय से जिंदा रखने की कोशिश कर रहा था।
अन्य न्यूज़














