केजरीवाल ने संदीप कुमार को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया

[email protected] । Aug 31 2016 9:35PM

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आज बाल कल्याण और सामाजिक न्याय मंत्री संदीप कुमार को अपने मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया। बताया जा रहा है कि कुमार के खिलाफ एक आपत्तिजनक सीडी मुख्यमंत्री को मिली थी।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने समाज कल्याण मंत्री संदीप कुमार की कथित गड़बड़ियों का ब्योरा वाली ‘आपत्तिजनक’ सीडी मिलने के बाद आज एक आकस्मिक कदम के तहत उन्हें बर्खास्त कर दिया। मंत्री को बर्खास्त करने का फैसला यहां एक उच्च स्तरीय बैठक में किया गया जहां शीर्ष आप नेता मौजूद थे।

केजरीवाल ने इस फैसले की घोषणा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘मंत्री संदीप कुमार की आपत्तिजनक ‘सीडी’ मिली। आप सार्वजनिक जीवन में शुचिता के लिए प्रतिबद्ध है। उससे समझौता नहीं किया जा सकता। तत्काल प्रभाव से उन्हें मंत्रिमंडल से हटा दिया गया।’’ सूत्रों ने बताया कि सीडी में कुमार की कुछ गड़बड़ियों का ब्योरा है जो केजरीवाल को मंजूर नहीं है। कुमार सुलतानपुर माजरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह असीम अहमद खान के बाद बर्खास्त किये जाने वाले दूसरे मंत्री हैं। खान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री थे।

कुमार और केजरीवाल के बीच हाल में खिंचाव की खबरें तब भी आई थीं जब इस वर्ष जुलाई माह में कुमार की भिखारियों के खिलाफ अभियान की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने उसे अमानवीय बताया था और योजना बंद करने को कहा था।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़