CEC Gyanesh Kumar से जुड़े सड़क प्रोजेक्ट मामले में VACB ने दर्ज किया एक और गवाह का बयान

केरल के सतर्कता ब्यूरो ने 2006 की सड़क परियोजना में कथित अनियमितताओं की जांच के तहत मलेशियाई इंजीनियरों के एक पूर्व सहायक का बयान लिया है। गवाह ने दावा किया कि निर्माण बिलों का समय पर भुगतान न होने के कारण इंजीनियरों को गंभीर वित्तीय परेशानियों का सामना करना पड़ा। एजेंसी ने मामले में केएसटीपी से संबंधित आधिकारिक दस्तावेज भी मांगे हैं।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के केरलम में लोक निर्माण विभाग के सचिव रहने के दौरान लागू एक सड़क परियोजना में कथित भ्रष्टाचार की जांच कर रहे सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) ने एक और व्यक्ति का बयान दर्ज किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह व्यक्ति परियोजना में शामिल मलेशिया के इंजीनियरों के साथ काम कर चुका है।
वीएसीबी के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के दौरान मलेशियाई इंजीनियरों के सहायक के तौर पर काम कर चुके शाहजहां का बयान जांच के सिलसिले में दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, शाहजहां ने हाल में विस्तृत बयान दिया है जिसमें उसने कथित तौर पर दावा किया कि सड़क निर्माण से जुड़े बिलों का समय पर भुगतान नहीं होने के कारण मलेशिया के इंजीनियरों को भारी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा था, जिससे परियोजना का काम भी प्रभावित हुआ। यह जांच केरलम राज्य परिवहन परियोजना (केएसटीपी) में कथित भ्रष्टाचार से संबंधित है।
यह परियोजना वर्ष 2006 में शुरू की गई थी, जब कुमार केरलम के लोक निर्माण विभाग के सचिव थे। केएसटीपी ने 2006 में विश्व बैंक से वित्तपोषित 215 करोड़ रुपये की परियोजना शुरू की थी जिसके तहत अंगमाली से तिरुवनंतपुरम तक एमसी रोड के हिस्से का पुनर्निर्माण किया जाना था। इस काम का ठेका मलेशिया की कंपनी और भागीरथ इंजीनियरिंग के संयुक्त उपक्रम ‘पीएटीआई-बीईएल’ को दिया गया था।
मलेशिया की कंपनी के परियोजना अभियंता ली सी बीन ने निर्माण कार्य के दौरान कई शिकायतें की थीं। इसके बाद वह मलेशिया लौट गए, जहां बाद में उन्होंने आत्महत्या कर ली थी। बीन की मृत्यु और कुमार का केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर नयी दिल्ली तबादला होने के बाद 2006 में यह जांच आगे नहीं बढ़ सकी थी।
हाल में परियोजना से जुड़े उप-ठेकेदार वीओ साजन ने भी जांच के तहत वीएसीबी के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया था। अधिकारियों ने बताया कि वीएसीबी ने केएसटीपी से परियोजना से संबंधित दस्तावेज भी मांगे हैं। राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कुमार के खिलाफ जांच के आदेश दिए थे।
यह जांच ऐसे समय हो रही है जब कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। कुमार ने अभी तक इस जांच या अपने खिलाफ लगे आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
अन्य न्यूज़














