Muzaffarpur Police ने 500 रुपये के 28 जाली नोट किए जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 14 हजार रुपये मूल्य के नकली नोट बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार आरोपी को 20 हजार रुपये के जाली नोट मिले थे, जिसमें से वह छह हजार बाजार में खपा चुका था। पुलिस अब नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क की जांच कर रही है।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस ने 14 हजार रुपये मूल्य के जाली भारतीय नोटों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मुजफ्फरपुर के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ‘प्रभाकर’ ने संवाददाताओं को बताया, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाजार में जाली भारतीय नोट चला रहा है।
इसके बाद सरैया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) और साहेबगंज के थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक टीम ने सहनी के घर पर छापेमारी की और 500 रुपये के 28 जाली नोट बरामद किए। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी जाली नोटों की आपूर्ति करने वाले एक संगठित गिरोह से जुड़ा हुआ था, इस गिरोह के तार नेपाल और बांग्लादेश तक जुड़े होने की भी आशंका है। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, आरोपी को एक वाहक के माध्यम से 20 हजार रुपये मूल्य के जाली नोट मिले थे, जिनमें से वह छह हजार रुपये के नोट बाजार में चला चुका था।
शेष 14 हजार रुपये के जाली नोट उसके पास से बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि साहेबगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
बरामदगी के संबंध में अन्य जांच एजेंसियों को भी सूचित कर दिया गया है।
अन्य न्यूज़














