15 लाख रुपए के वादे पर पूछा सवाल तो भड़क गयीं किरण खेर

Kirron Kher: Dont Think People Voted For Modi Over ''Rs 15 Lakh'' Promise

किरण ने कहा, ''''मोदी ने कहा था कि अगर विदेशों में जमा किया गया काला धन देश में आता है तो हर व्यक्ति इतना (15 लाख) पाएगा, लेकिन उन्होंने कभी नहीं कहा कि वह इसे स्टांप पेपर पर लिखकर देंगे।''''

चंडीगढ़। चंडीगढ़ से भारतीय जनता पार्टी की सांसद किरण खेर ने कहा है कि उन्हें लगता है कि लोगों ने 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी को गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर किए गए कामों के आधार पर वोट किया था न कि 15 लाख रुपये लोगों के खातों में जमा करने के वायदे के आधार पर। बुधवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में स्थानीय सांसद से एक संवाददाता ने पूछा कि लोग कब तक उम्मीद करें कि उनके खातों में 15 लाख रुपये आ जाएंगे।

किरण ने कहा, ''उन्होंने (मोदी ने 2014 लोकसभा चुनाव प्रचार में) कहा था कि अगर विदेशों में जमा किया गया काला धन देश में आता है तो हर व्यक्ति इतना (15 लाख) पाएगा, लेकिन उन्होंने कभी नहीं कहा कि वह इसे स्टांप पेपर पर लिखकर देंगे।’’ ‘मीट-द-प्रेस’ कार्यक्रम में कहा, ''उन्होंने स्वच्छ, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दी और आप अब भी 15 लाख रुपये की सोच पर अटके हैं।’’

इसी से संबंधित सवाल पर अभिनेत्री से सियासतदां बनीं किरण ने कहा, ''मैं नहीं समझती कि लोगों ने मोदी जी को 15 लाख रुपये की वजह से वोट दिया था। उन्होंने उन्हें गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर पिछले रिकॉर्ड के आधार पर वोट दिया था। उन्होंने गुजरात में शानदार काम किया। वहां आधारभूत ढांचे संबंधी कई परियोजनाएं लेकर आए।’’ किरण ने कहा कि लोगों ने उन्हें इसलिए वोट दिया क्योंकि पिछली संप्रग की सरकार कई घोटालों में लिप्त थी। उन्होंने कहा कि लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं उत्तर भारत में होती हैं। अगर आप मुंबई जैसे शहरों और देश के दक्षिणी हिस्से या बंगाल की बात करें तो वहां महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं सामान्य नहीं हैं। यह समस्या दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे उत्तर भारत के राज्यों में है। महिलाओं के साथ छेड़छाड़ हमेशा से वहां रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़