Kochi में फर्जी संस्था बनाकर Income Tax Refund में 2.6 करोड़ की धोखाधड़ी, FIR दर्ज

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केरल के कोच्चि में आयकर विभाग की शिकायत पर साइबर अपराध पुलिस ने फर्जी टीडीएस क्रेडिट के जरिए करोड़ों रुपये का रिफंड हासिल करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने एक जाली सरकारी संस्थान तैयार कर 28 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी टीडीएस क्रेडिट अपलोड किए थे। पुलिस अब उन बैंक खातों और पैन धारकों की पहचान कर जांच को आगे बढ़ा रही है।

कोच्चि में एक फर्जी सरकारी संस्थान के नाम पर जाली ‘टीडीएस क्रेडिट’ तैयार कर 2.6 करोड़ रुपये का कथित आयकर ‘रिफंड’ हासिल करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आयकर विभाग के अधिकारियों की शिकायत के बाद पिछले सप्ताह कोच्चि शहर की साइबर अपराध पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर ‘डायरेक्टर स्किल डेवलपमेंट फॉर रूरल वुमन एम्पावरमेंट’ नाम से एक फर्जी संस्थान बनाया और इसे राज्य सरकार के संस्थान के रूप में पेश किया। आरोपी ने सितंबर 2025 में ‘प्रोटीअन ई-गवर्नेंस’ की वेबसाइट से कर कटौती एवं संग्रह खाता संख्या (टीएएन) प्राप्त की। प्राथमिकी के अनुसार, इस टीएएन का इस्तेमाल कर फर्जी संस्थान के नाम पर ‘अकाउंट ऑफिस आइडेंटिफिकेशन नंबर’ (एआईएन) हासिल किया गया।

इसके बाद उससे जुड़े तीन अलग-अलग टीएएन भी प्राप्त किए गए। उन्होंने कथित तौर पर 28.26 करोड़ रुपये के फर्जी ‘टीडीएस क्रेडिट’ तैयार किए और उन्हें वास्तविक दिखाने के लिए ‘प्रोटीअन’ पोर्टल पर ‘फॉर्म 26क्यू’ के जरिए अपलोड कर दिया। इसके बाद 155 स्थायी खाता संख्या (पैन) का इस्तेमाल कर इन क्रेडिट का दावा किया गया।

इनमें से 16 पैन धारकों के लिए कथित तौर पर ‘रिफंड’ प्राप्त किया गया। प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों ने आयकर विभाग से धोखाधड़ी कर कुल 2.6 करोड़ रुपये का ‘रिफंड’ हासिल किया, जिससे विभाग को वित्तीय नुकसान हुआ। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 340(2) और 3(5) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी और 66डी के तहत दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि जिन पैन कार्ड और बैंक खातों में ‘रिफंड’ की राशि भेजी गई थी, उनकी जांच की जा रही है। इसने कहा कि बैंक खाताधारकों की पहचान कर ली गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़