Kochi में लॉज पर छापा मारकर 192 ग्राम MDMA बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

एर्णाकुलम ग्रामीण पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को 192 ग्राम नशीले पदार्थों के साथ पकड़ा। आरोपियों ने तमिलनाडु से पर्यटक बस में केले के गुच्छों के बीच यह खेप छिपाकर लाई थी। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के बेंगलुरु और तमिलनाडु संपर्कों की पड़ताल कर रही है।

कोच्चि, आठ नवंबर केरलम के एक लॉज में तलाशी के दौरान 185 ग्राम एमडीएमए समेत कुल 192 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त किया और दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। एर्णाकुलम के ग्रामीण जिला पुलिस प्रमुख के. एस. सुदर्शन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह तलाशी ली गयी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिकृष्णन के. एस. (32) और शिनू सेबेस्टियन (34) के रूप में हुई है। अलुवा के पुलिस उपाधीक्षक बैजू पॉलोस के नेतृत्व में एक टीम ने लॉज में छापा मारकर हरिकृष्णन को गिरफ्तार किया और उसके पास से 185 ग्राम एमडीएमए बरामद किया। इसकी कीमत लगभग 7.5 लाख रुपये आंकी गई है।

उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कोच्चि सिटी पुलिस के साथ मिलकर थोप्पुमपडी स्थित शिनू के घर की तलाशी ली। वहां कथित तौर पर एक पक्षी के पिंजरे में छिपाकर रखा गया सात ग्राम एमडीएमए और बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला है कि आरोपी तमिलनाडु से एक पर्यटक बस के जरिये मादक पदार्थ कोच्चि लाए थे।

उन्होंने कथित तौर पर इसे केले के एक गुच्छे के अंदर छिपा रखा था। मादक पदार्थों के स्रोत और उनके वितरण नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है। इसमें बेंगलुरु-तमिलनाडु क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस तस्करी में और कितने लोग शामिल थे, आरोपियों को मादक पदार्थ किसने बेचे थे और उनसे इन्हें किसने खरीदा था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़