Kumari Selja ने Haryana में कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल, रोहतक गोलीबारी का दिया हवाला

सिरसा से कांग्रेस सांसद और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने रविवार को बयान जारी कर हरियाणा सरकार पर राज्य में अपराध रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने रोहतक में विधायक बलराम डांगी के कार्यालय के बाहर हुई गोलीबारी और जबरन वसूली की घटनाओं का उल्लेख करते हुए जमीनी हकीकत पर ध्यान देने की मांग की। सैलजा ने कहा कि केवल आंकड़ों और सियासी बयानों के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था में सुधार का दावा नहीं किया जा सकता।
चंडीगढ़, नौ अगस्त हरियाणा के सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने राज्य में आपराधिक घटनाओं में कथित वृद्धि को लेकर रविवार को गहरी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हो रही है और अपराधियों में अब कानून का कोई डर नहीं दिखता। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की महासचिव सैलजा ने यहां जारी एक बयान में कहा कि हरियाणा में हत्या, डकैती, जबरन वसूली और गोलीबारी की बढ़ती घटनाओं ने लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है।
उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के बारे में सियासी बयानबाजी और दावे करने से आगे बढ़े तथा अपराध रोकने के लिए ठोस कदम उठाए। सैलजा ने रोहतक में कांग्रेस विधायक बलराम डांगी के कार्यालय के बाहर हुई गोलीबारी की घटना का जिक्र करते हुए कहा, “अपराधी इतने बेखौफ हो गए हैं कि वे दिन-दहाड़े गंभीर अपराध करने से भी नहीं हिचकिचा रहे हैं।” उन्होंने कहा, “अगर निर्वाचित प्रतिनिधि, व्यापारी और दुकानदार सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं, तो आम परिवारों का अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित होना लाजिमी है।” सैलजा ने कहा कि हरियाणा पारंपरिक रूप से विकास, समृद्धि, सामाजिक सद्भाव और मेहनती किसानों, सैनिकों व खिलाड़ियों के लिए जाना जाता रहा है। उन्होंने हालांकि, दावा किया कि गंभीर अपराधों की लगातार आ रही खबरों से राज्य की छवि खराब हो रही है।
उन्होंने कहा कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “सरकार सिर्फ आंकड़ों और बयानों के आधार पर यह दावा नहीं कर सकती कि कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है। जमीनी हकीकत पर ध्यान देना होगा।
अन्य न्यूज़













