Kurukshetra में महिला ने फांसी लगाई, SDO पति और ससुराल पर BNS केस दर्ज

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शादी के आठ महीने बाद 27 वर्षीय काजल का शव उनके घर में पंखे से लटका मिला, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के पिता का आरोप है कि पति के SDO बनने के बाद से ससुराल वाले बड़ी कार के लिए और पैसे की मांग कर रहे थे। पुलिस ने पति हरप्रीत सिंह और सास-ससुर के खिलाफ BNS की धारा 80 के तहत मामला दर्ज किया है।
कुरुक्षेत्र, पांच अगस्त कुरुक्षेत्र में शादी के आठ महीने बाद 27 वर्षीय एक महिला अपने घर में फंदे से लटकी हुई मिली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, महिला मंगलवार को अपने घर में पंखे से लटकी मिली, जिसके बाद दहेज उत्पीड़न के आरोपों के आधार पर उसके पति और सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
मृतका की पहचान काजल के रूप में हुई है। उसने एक नोट छोड़ा, जिसमें लिखा था कि वह ठीक नहीं है। थानेसर सदर थाना प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि काजल मंगलवार सुबह अपने मायके से ससुराल लौटी थीं।
उनके पति हरप्रीत सिंह (हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में उपमंडल अधिकारी के तौर पर कैथल में पदस्थ) ने कथित तौर पर सबसे पहले उनका शव देखा था। पुलिस को कमरे से एक रूमाल मिला, जिस पर हाथ से लिखा संदेश था, ‘‘आई एम नॉट वेल, सॉरी’’। पुलिस ने इसकी सत्यता की पुष्टि के लिए इसे जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि पंखे के नीचे बिस्तर पर एक कुर्सी रखी हुई थी। मोहन नगर निवासी काजल के पिता हरपाल सिंह ने आरोप लगाया कि 29 नवंबर 2025 को हुए विवाह के कुछ समय बाद हरप्रीत की एसडीओ पद पर नियुक्ति होने के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि शादी के समय उन्होंने कार खरीदने के लिए आठ लाख रुपये दिए थे, लेकिन बाद में काजल के ससुराल वाले बड़ी कार खरीदने के लिए और पैसे की मांग करने लगे।
रणधीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने पति और उसके परिवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80 (दहेज के कारण मौत) और अन्य प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि बुधवार को दो चिकित्सकों ने शव का पोस्टमॉर्टम किया।
अन्य न्यूज़













