#LatestNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 25 March 2019

अगर चुनाव में कांग्रेस जीत गई तो पाकिस्तान में दिवाली मनाई जाएगी: रूपाणी
गुजरात के मुख्यमंत्री ने रविवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव में ‘गलती से’ कांग्रेस जीतेगी तो पाकिस्तान में दीवाली देखने को मिलेगी। मेहसाणा में भाजपा की ‘विजय संकल्प’ रैली में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि हालांकि ऐसा होने वाला नहीं है लेकिन जब 23 मई को परिणाम (आम चुनाव का) घोषित होगा और (यदि) गलती से कांग्रेस जीत जाती है तो पाकिस्तान में दीवाली मनायी जायेगी क्योंकि वे (कांग्रेस) उससे जुड़े हुए हैं।
बेगूसराय से चुनाव लड़ेंगे कन्हैया कुमार, गिरिराज सिंह से होगा सीधा मुकाबला
भाकपा ने रविवार को बेगुसराय लोकसभा सीट से अपने उम्मीदवार के तौर पर कन्हैया कुमार के नाम की घोषणा की। भाकपा की ओर से जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष का नाम सामने आने के बाद अब इस सीट से केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह और राजद उम्मीदवार के साथ उनका त्रिकोणीय मुकाबला होगा। पार्टी ने आरा और उजियारपुर लोकसभा सीटों से क्रमश: भाकपा (माले) लिबरेशन और माकपा को समर्थन करने का फैसला किया है।
UP छोड़कर भाग रहे हैं राहुल, गोयल बोले- अमेठी में भाजपा की होगी जीत
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर उत्तर प्रदेश को छोड़कर भागने का आरोप लगाते हुए रविवार को दावा किया कि इस बार लोकसभा चुनाव में राहुल की अमेठी से भी भाजपा ही जीतेगी। गोयल ने यहां शाम को आयोजित विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘कांग्रेस अध्यक्ष उत्तर प्रदेश छोड़कर केरल से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं क्योंकि उन्हें यह डर है कि इस बार उनकी परंपरागत सीट अमेठी उनके हाथ से निकल जाएगी।’
जम्मू में मिली सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, जैश के 3 आतंकियों को जिंदा पकड़ा
सुरक्षा बलों ने शहर के बाहरी इलाके से रविवार को जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि एक विश्वसनीय सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने लावायपोरा (श्रीनगर-बारामूला मार्ग पर) से प्रतिबंधित आतंकी के संगठन के तीन आतंकवादियों को गिरफ्तार किया। ये सभी कार में सवार थे।
मोदी सरकार ही पाकिस्तान को दे सकती है मुंहतोड़ जवाब: अमित शाह
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ही आतंकवाद को उखाड़ फेंक कर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे सकती है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी गठबंधन की एक ही पहचान है ‘सेना का अपमान करना’। विपक्षी पार्टियां देश को सुरक्षित नहीं रख सकतीं। सिर्फ और सिर्फ मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ही देश की सुरक्षा कर सकती है। शाह उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार को भाजपा की ‘विजय संकल्प रैली’ को संबोधित कर रहे थे।
अन्य न्यूज़