#LatestNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 29 March 2019

latest-breaking-news-in-hindi-29-march-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज दिनांक 29 Mar 2019 की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

बिहार में महागठबंधन की सीटों का ऐलान, RJD की टिकट पर मधेपुरा से चुनाव लड़ेंगे यादव

बिहार में महागठबंधन की सीटों पर फंसा पेंच अब समाप्त हो गया। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। मधेपुरा से शरद यादव को, अररिया से सरफराज आलम और पाटिलपुत्रा से मीसा भारती को टिकट दिया है। बता दें कि बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से आरजेडी को 19 सीटें दी गई है।

जम्मू कश्मीर के बड़गाम में सुरक्षाबलों ने मार गिराए 2 आतंकी, 4 जवान भी जख्मी

जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर के बड़गाम में शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद नौगाम इलाके में घेराबंदी की और तलाश अभियान चलाया था।

यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस और ट्रक की टक्कर में 8 लोगों की मौत

ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को तड़के एक निजी बस ने सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक को टक्कर मार दी जिससे आठ लोगों की मौत हो गई और कम से कम 20 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लखनऊ में अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतम बुद्ध नगर पुलिस एवं प्रशासन के प्रमुखों को निर्देश दिया है कि वे पीड़ितों को शीघ्र सहायता मुहैया कराए।

चुनावी मैदान में उतरीं उर्मिला मातोंडकर, उत्तरी मुंबई सीट से लड़ेंगी चुनाव

जानीमानी अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर को कांग्रेस ने मुंबई-उत्तर लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर जारी एक बयान के मुताबिक, कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने उर्मिला की उम्मीदवारी को स्वीकृति प्रदान की। उर्मिला गत बुधवार को कांग्रेस में शामिल हुईं थी।

कांग्रेस ने घोषित किए 12 प्रत्याशियों के नाम, सासाराम से मीरा कुमार लड़ेंगी चुनाव

कांग्रेस ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में लोकसभा की 12 सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किए जिनमें सबसे प्रमुख नाम पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार का है जिन्हें बिहार के सासाराम से टिकट दिया गया है। पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, बिहार में चार और ओडिशा में सात सीटों पर उम्मीदवार की घोषणा के साथ ही उत्तर प्रदेश की महाराज गंज सीट पर उम्मीदवार बदला भी गया है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़