#LatestNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 5 April 2019

latest-breaking-news-in-hindi-5-april-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज दिनांक 5 April 2019 की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

भाजपा के रवैये से सुमित्रा महाजन नाराज, चुनाव नहीं लड़ने का किया ऐलान

लोकसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुमित्रा महाजन ने इंदौर लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी की घोषणा में अर्निणय की स्थिति पर सवाल खड़ा करते हुए शुक्रवार को कहा कि अब वह आम चुनाव नहीं लड़ेंगी। आठ बार लोकसभा में सांसद रहीं महाजन ने दिल्ली में एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सवाल किया, ‘‘भारतीय जनता पार्टी ने आज तक इंदौर में अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। यह अर्निणय की स्थिति क्यों है? संभव है कि पार्टी को निर्णय लेने में कुछ संकोच हो रहा है।

योगी आदित्यनाथ का विवादित ट्वीट, मुस्लिम लीग को बताया वायरस

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और बाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने मुस्लिम लीग पर विवादित ट्वीट किया है। योगी ने लिखा, "मुस्लिम लीग एक वायरस है। एक ऐसा वायरस जिससे कोई संक्रमित हो गया तो वो बच नहीं सकता और आज तो मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ही इससे संक्रमित हो चुका है। सोचिये अगर ये जीत गए तो क्या होगा? ये वायरस पूरे देश मे फैल जाएगा।"

अमेरिका का दावा पाक के पास सभी एफ-16 लड़ाकू विमान मौजूद, किसी को नुकसान नहीं पहुंचा

एक अमेरिकी पत्रिका का कहना है कि पाकिस्तान के पास जितने एफ-16 लड़ाकू विमान थे उनमें से कोई भी ‘‘लापता’’ नहीं है और उनमें से किसी को भी नुकसान नहीं पहुंचा है। इस प्रतिष्ठित अमेरिकी पत्रिका ‘फॉरेन पॉलिसी मैगजीन’ में आई एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है। यह रिपोर्ट भारत के उन दावों को खारिज करती है कि उसकी वायु सेना ने 27 फरवरी को हवाई संघर्ष के दौरान एक एफ-16 लड़ाकू विमान मार गिराया था।

लालू यादव का दावा, महागठबंधन में दोबारा लौटना चाहते थे नीतीश कुमार

राष्ट्रीट जनता दल के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने नीतीश कुमार को लेकर बड़ा खुलासा किया है। लालू ने दावा किया है कि नीतीश दोबारा महागठबंधन में आना चाहते थे पर उन्होंने मना कर दिया। लालू के कहा कि यह मामला भाजपा के साथ जाने के छह महीने के अंदर ही की है। चारा घोटाला मामले में जेल की सजा काट रहे लालू ने कहा कि गठबंधन के लिए नीतीश कुमार ने अपने विश्वास पात्र प्रशांत किशोर को उनके पास भेजा था।

राहुल गाँधी का बयान NYAY योजना के लिए नहीं बढ़ाया जाएगा आयकर

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि गरीबों के लिए ‘न्याय’ या न्यूनतम आय योजना मध्यम वर्ग पर बोझ डाल कर या आयकर बढ़ाए बिना लागू की जाएगी। गांधी ने कहा कि अगर उनकी कांग्रेस पार्टी सत्ता में आयी तो गरीब परिवारों को न्यूनतम आय के तौर पर हर साल 72,000 रुपये देगी जिससे करीब 25 करोड़ लोगों को फायदा होगा। इस कदम को गांधी ने गरीबी पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ बताया है। यह पूछे जाने पर कि न्यूनतम आय योजना (न्याय) के लिए कोष कैसे एकत्रित की जाएगी, इस पर गांधी ने कहा कि मध्यम वर्ग से पैसा नहीं लिया जाएगा और आयकर नहीं बढ़ाया जाएगा।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़