#LatestHindiNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 20 August 2019

latest-hindi-news-of-20-august-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

पीएम मोदी ने ट्रंप से की बातचीत, निशाने पर रहा पाकिस्तान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ आज पीएम नरेंद्र मोदी ने टेलीफोन पर बातचीत की। मोदी और ट्रंप के बीच आधे घंटे तक बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मामलों के बारे में बात की। क्षेत्रीय स्थिति के संदर्भ में, पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ अपनी बातचीत में कहा कि क्षेत्र के कुछ नेता भारत विरोधी बयानबाजी कर रहे हैं जो शांति के लिए अनुकूल नहीं है। मोदी ने आतंकवाद एवं हिंसा मुक्त माहौल बनाने और सीमापार से आतंकवाद पर रोक लगाने के महत्व को रेखांकित किया।

बैंक धोखाधड़ी मामले में कमलनाथ के भांजे रतुल पुरी को ED ने किया गिरफ्तार

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 354 करोड़ रुपए के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के भांजे एवं कारोबारी रतुल पुरी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों नें यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुरी को धनशोधन रोकथाम अधिनियम के प्रावधानों के तहत सोमवार देर रात गिरफ्तार किया गया। पुरी को आज अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।

इसरो की बड़ी कामयाबी, चंद्रमा की कक्षा में स्थापित हुआ चंद्रयान-2

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) आज Chandrayaan-2 को चांद की पहली कक्षा में सफलतापूर्वक प्रवेश करा दिया है। इसरो वैज्ञानिकों ने सुबह 8.30 से 9.30 बजे के बीच चंद्रयान-2 को चांद की कक्षा में प्रवेश कराया। अब चंद्रयान-2, 118 किमी की एपोजी और 18078 किमी की पेरीजी वाली अंडाकार कक्षा में अगले 24 घंटे तक चक्कर लगाएगा। 7 सितंबर को चांद की सतह पर चंद्रयान-2 उरतेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चंद्रयान-2 की लाईव लैंडिग देखेंगे। 

प्रणब, मनमोहन, सोनिया और राहुल ने राजीव गांधी को दी श्रद्धांजलि

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 75वीं जयंती पर मंगलवार को पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शी नीतियों से भारत के निर्माण में मदद मिली। मुखर्जी, सोनिया, अंसारी, मनमोहन, राहुल, प्रियंका और कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने राजीव गांधी की समाधि पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

जाकिर नाईक पर बड़ा एक्शन, मलेशिया में धार्मिक उपदेश देने पर लगा बैन

विवादास्पद इस्लामिक उपदेशक डॉ. जाकिर नाईक की मुसीबत बढ़ती ही जा रही है। मलेशिया ने जाकिर नाईक के धार्मिक उपदेश देने पर पाबंदी लगा दी है। मलेशिया पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर जाकिर नाईक के उपदेश देने पर प्रतिबंध लगाया गया है। समाचार पत्र 'मलय मेल' की रिपोर्ट के मुताबिक मलेशिया भर में पुलिस को इस संबंध में सर्कुलर जारी किया गया है। रॉयल मलेशिया पुलिस के हेड ऑफ कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस दातुक असमावती अहमद ने भी इसकी पुष्टि की है।

यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर, दस हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

दिल्ली में सोमवार शाम को यमुना नदी में जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गया, जिसके बाद अधिकारियों ने निचले इलाकों में रहने वाले दस हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा के हथिनीकुंड बांध से और पानी छोड़े जाने के कारण नदी में जल स्तर और बढ़ सकता है।  निचले इलाकों में रह रहे लोगों को दिल्ली सरकार की विभिन्न एजेंसियों द्वारा बनाए गए दो हजार से अधिक टेंट में भेजा गया है।

जाने माने संगीतकार खय्याम का 92 साल की उम्र में निधन

हिंदी फिल्मों में संगीत के सशक्त हस्ताक्षर बन चुके जाने माने संगीतकार खय्याम का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को यहां के अस्पताल में निधन हो गया। ‘कभी कभी’ और ‘उमराव जान’ जैसी फिल्मों को अपने सदाबहार संगीत से सजाने वाले खय्याम 92 वर्ष के थे। मुंबई के उपनगर जुहू में सुजय अस्पताल के आईसीयू में फेफड़े में संक्रमण के चलते मशहूर संगीतकार को 10 दिन पहले भर्ती कराया गया था।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़